भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच यहां ऑप्टस स्टेडियम में खेले जा रहे बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले टेस्ट में भारत ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की. भारत ने मेजबान ऑस्ट्रेलिया को धूल चटाते हुए 295 रनों से शानदार जीत दर्ज की. ऑस्ट्रेलिया की पर्थ के ऑप्टस स्टेडियम में यह पहली हार है. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने यहां खेले गए सभी टेस्ट मैचों में जीत दर्ज की थी.

भारत ने ऑस्ट्रेलिया को रनों से हराया
नियमित कप्तान रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की अगुवाई वाली भारतीय क्रिकेट टीम ने पर्थ में इतिहास रचा है. भारत ने मेजबानों को चौंकाते हुए 295 रनों से शानदार जीत दर्ज की. भारतीय टीम खेल के हर विभाग में ऑस्ट्रेलिया पर इक्कीस साबित हुई और 4 दिन में ही ऑस्ट्रेलिया के अभेद किले पर अपना परचम बुलंद कर दिया. इस जीत के साथ ही भारत ने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए.

ऑस्ट्रेलिया में भारत की सबसे बड़ी जीत (रनों के आधार पर)
पर्थ टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को 295 रनों से हराकर भारत ने ऑस्ट्रेलिया में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की. इससे पहले भारत को ऑस्ट्रेलिया में सबसे बड़ी जीत 30 दिसंबर, 1977 को मेलबर्न में मिली थी, जब उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को 222 रनों से हराया था. एक और बड़ी जीत 26 दिसंबर, 2018 को मेलबर्न में ही मिली थी, जहां भारत ने 137 रनों से जीत दर्ज की थी.


