गया: देश की प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान बिहार के मगध विश्वविद्यालय बोधगया की डिग्री फर्जी तरीके से विदेश में बेची गई. म्यांमार में इस तरह की कई डिग्रियां बेचे जाने का मामला सामने आया है. माना जा रहा है कि इस तरह का कारनामा कर लाखों-करोड़ों का खेल हुआ है.

विदेश में बांटी गई मगध विवि की फर्जी डिग्रियां
इस मामले को लेकर फिलहाल मगध विश्वविद्यालय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. प्राथमिकी में दो शिक्षकों को नामजद आरोपित बनाया गया है. इस मामले को लेकर मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर एसपी शाही ने कहा है कि इस तरह का मामला सामने आया है.

दो शिक्षकों पर प्राथमिकी
मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर एसपी शाही का हस्ताक्षर बनाकर विदेशों में मगध विश्वविद्यालय की फर्जी डिग्रियां बांटी गई है. इस तरह का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है. इस मामले को लेकर मगध विश्वविद्यालय थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है. मगध विश्वविद्यालय के कुलानुशासक प्रोफेसर उपेंद्र कुमार ने प्राथमिकी में दो शिक्षकों को नामजद बनाया है. केस दर्ज कर मगध विश्वविद्यालय थाने की पुलिस जांच में जुट गई है.

म्यांमार में बांटी गई डिग्री
इस संबंध में मगध विश्वविद्यालय थाने में दर्ज प्राथमिकी में मगध विश्वविद्यालय के कुलानुशासक प्रोफेसर उपेंद्र कुमार ने कहा है कि मगध विश्वविद्यालय के बौद्ध अध्ययन विभाग के शिक्षक विष्णु शंकर एवं कैलाश प्रसाद के द्वारा म्यांमार जाकर विश्वविद्यालय की फर्जी डिग्री बांटी गई है. इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर मगध विश्वविद्यालय की पुलिस छानबीन में जुट गई है.

काफी संख्या में फर्जी डिग्री बांटे जाने का खेल
इस तरह मगध विश्वविद्यालय के बौद्ध अध्ययन विभाग के दो शिक्षकों द्वारा काफी संख्या में मगध विश्वविद्यालय की फर्जी डिग्री म्यांमार में बांटे जाने का मामला सामने आया है. वहीं, इस मामले को लेकर मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर एसपी शाही ने कहा है, कि इस तरह का मामला सामने आने के बाद हमारे द्वारा कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं.
