मोतिहारी: बिहार शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव एस.सिद्धार्थ का एक्शन लगातार जारी है. विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए वीडियो कॉल से जानकारी ले रहे हैं. वहीं अब उन्होंने विद्यालयों के बुनियादी सुधार की दिशा में सरकारी फंड के घोटाले की जांच के बाद कार्रवाई शुरू कर दी है. इसी कड़ी में पूर्वी चंपारण के जिला शिक्षा पदाधिकारी संजीव कुमार के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया गया है.


बेंच-डेस्क सप्लाई में गड़बड़ी
इस संबंध में शिक्षा विभाग ने 15 जनवरी को ही संकल्प जारी कर दिया था. शिक्षा विभाग के निदेशक (प्रशासन) सुबोध कुमार चौधरी ने 15 जनवरी को जारी अपने पत्र में जिला के विद्यालयों में हुई बेंच-डेस्क सप्लाई में गड़बड़ी की बात की थी. जिलाधिकारी द्वारा विभिन्न विद्यालयों में आपूर्ति किए गए बेंच-डेस्क की जांच में उसकी गुणवत्ता असंतोषजनक पाई गई है. जिलाधिकारी के जांच रिपोर्ट के आधार पर एसीएस एस. सिद्धार्थ ने कार्रवाई की है.
डीईओ पर गिरी गाज
जिलाधिकारी के जांच रिपोर्ट में जिला शिक्षा पदाधिकारी संजीव कुमार के खिलाफ प्रथम दृष्टया आरोप प्रमाणित है. ऐसे में सरकार ने वृहद जांच का संकल्प लिया है. जिसके बाद डीईओ संजीव कुमार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की जाएगी. शिक्षा विभाग के विशेष सचिव सतीश चंद्र झा को संचालन पदाधिकारी नियुक्त किया गया है. वहीं तिरहुत प्रमंडल के क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक को प्रस्तुतीकरण पदाधिकारी बनाया गया है.


बेंच-डेस्क सप्लाई में करोड़ों का घोटाला
संचालन पदाधिकारी तीन माह के अंदर विभागीय कार्रवाई संपन्न कर जांच प्रतिवेदन वरीय अधिकारी को सौपेंगे. बता दें जिले के सरकारी स्कूलों में बेंच-डेस्क सप्लाई में करोड़ों का घोटाला होने की बात सामने आई थी. जिला के एनडीए के विधायकों ने ही विद्यालयों के लिए खरीदे गए डेस्क बेंच में हुए घोटाला का पर्दाफाश किया था.