पटना: माघ महीना चल रहा है. हिंदू धर्म में यह काफी पवित्र महीना माना जाता है. इस महीने कई महत्वपूर्ण पर्व और त्योहार मनाए जाते हैं. इन्हीं में एक महत्वपूर्ण त्योहार है बसंत पंचमी का त्योहार. बिहार में इस दिन सरस्वती पूजा मनाई जाती है.

इस दिन ज्ञान और कला की देवी मां सरस्वती की आराधना की जाती है लेकिन इस बार पूजा किस दिन मनाई जाएगी, इसको लेकर लोगों के बीच कंफ्यूजन है. कोई 2 फरवरी की बात कर रहा है तो कोई 3 फरवरी की बात कर रहा है लेकिन अब साफ हो गया है कि 3 फरवरी को ही सरस्वती पूजा का त्योहार मनाया जाएगा.

3 फरवरी को ही मनेगी सरस्वती पूजा
इस वर्ष भले ही पंचमी तिथि 2 फरवरी से शुरू हो जा रही है लेकिन बसंत पंचमी 3 फरवरी को ही मनाई जाएगी. ठाकुर प्रसाद के कैलेंडर के मुताबिक 2 फरवरी को दिन के 12:05 पर पंचमी तिथि आरंभ हो रही है और 3 फरवरी को 9:51 तक पंचमी तिथि है. मिथिला पंचांग भी ठीक इसी के करीब है.

पीले रंग का वस्त्र पहनें
सरस्वती पूजा की तिथि को लेकर विद्वानों ने तमाम पंचांग का गहन अध्ययन किया है. अध्ययन के बाद निर्णय हुआ है कि धर्मशास्त्र को ध्यान में रखते हुए 3 फरवरी 2025 सोमवार के दिन ही बसंत पंचमी अथवा सरस्वती पूजा मनाई जाएगी. उन्होंने कहा कि माता सरस्वती कला और ज्ञान की देवी हैं. इसलिए इस दिन पीले वस्त्र पहने और पीले रंग के खाद्य पदार्थों का सेवन किया जाता है. ऐसा करने से शरीर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, जो समृद्धि का कारक बनता है.


