समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले के एक सरकारी स्कूल में नामांकन के लिए बंपर आवेदन आ रहे हैं. ये कोई और विद्यालय नहीं बल्कि देश में अपनी खास पहचान रखने वाला जवाहर नवोदय विद्यालय है. जिले के पूसा प्रखंड के बिरौली में स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में इस बार छठी क्लास में नामंकन को लेकर करीब 23,440 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है.

एक सीट पर करीब 293 दावेदार
विद्यार्थियों के आवेदन से जुड़ी सबसे खास बात यह है कि यंहा छठी क्लास में दाखिले को लेकर महज 80 सीट ही आंवटित है. वैसे यह आंकड़ा बीते कई वर्षों से कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है. विद्यालय के प्राचार्य डॉ टी.एन. शर्मा ने बताया कि समस्तीपुर जवाहर नवोदय विद्यालय की देश में खास छवि है.

यही वजह है कि यहां अधिक से अधिक संख्या में छात्र आवेदन करते हैं. यही नहीं बीते तीन साल के आंकड़ों को देखे तो नामांकन के लिए आवेदन करने वाले छात्रों की संख्या पहले से काफी बढ़ी है.

छठी क्लास में नामांकन के लिए लगी होड़
गौरतलव हो कि जवाहर नवोदय विद्यालय बिरौली में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के कक्षा छह में दाखिले के लिए इसी महीने प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई है. अब देखना होगा कि एक सीट को लेकर 293 दावेदार छात्रों में कौन इस विद्यालय के चौखट तक पहुंचने में सफल होता है. जिले के इस सरकारी विद्यालय के छठी क्लास में नामांकन को लेकर एक सीट पर करीब 293 दावेदार हैं.


