पटना. उत्तरप्रदेश के प्रयागराज में हो रहे महाकुंभ मेले में मंगलवार-बुधवार मध्य रात्रि भगदड़ मच गई. जानकारी के अनुसार मौनी अमावस्या पर अमृत स्नान के लिए भक्तों का सैलाब संगम तट पर उमड़ा था. तभी भीड़ की वजह से भगदड़ मची. इसमें कई लोग घायल हो गए. वहीं इस हादसे के बाद प्रयागराज में दूसरे प्रदेश से आ रहे लोगों को भी बार्डर पर रोका जा रहा है. शहर के बाहरी इलाकों में ही श्रद्धालुओं को रोक दिया गया है. महाकुंभ मेले में मची भदगड़ के बाद पटना से प्रयागराज जाने वाले ट्रेनों को भी रद्द कर दिया गया है.

मिली जानकारी के अनुसार प्रयागराज के लिए जाने वाली ब्रह्मपुत्र मेल को रद्द किया गया है. वहीं शाम तक प्रयागराज के लिए पटना से कोई ट्रेन नहीं है. वहीं इससे पहले पटना से प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों में मंगलवार की रात काफी भीड़ देखने को मिली. इस दौरान पटना जंक्शन पर भीड़ के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

ट्रेनों में इतनी ज्यादा भीड़ थी कि रेलवे प्रशासन क्राउड कंट्रोल करने में पूरी तरह फेल दिखा. ट्रेन पटना जंक्शन पहुंचने से पहले ही भर जा रही थी. अंदर से ही गेट को बंद किया गया था. वहीं पटना जंक्शन पर खड़े यात्री ट्रेन में घुसने की गुहार लगते रहे.

वहीं पटना से खुलने वाली संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस ट्रेन में मंगलवार को भी भीड़ की वही तस्वीर देखने को मिली. अधिक भीड़ और ट्रेन का दरवाजा बंद होने के कारण कई यात्रियों की ट्रेन छूट गयी. इस दौरान कई यात्री परिवार के साथ प्लेटफार्म पर खड़े रह गए और ट्रेन चल पड़ी. इस दौरान रूट मैनेजमेंट में रेलवे प्रशासन दूसरे दिन भी फेल साबित हुआ. वहीं पटना जंक्शन पर कुव्यवस्था के कारण लोगों में काफी नाराजगी देखी गयी. बता दें, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर चार पर पहुंची थी.


यूपी के सीएम योगी ने की अपील
वहीं इस हादसे के बाद यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धालुओं से संगम की तरफ ना आने की अपील की है. साथ ही सीएम योगी ने यह भी कहा है कि अफवाहों पर ध्यान ना दें. बता दें, शहर के बाहरी इलाकों में ही श्रद्धालुओं को रोक दिया गया है. अब महाकुंभ मेले में भीड़ डायवर्जन प्लान लागू हो गया है. मेले में अब नए श्रद्धालुओं की एंट्री नहीं हो रही है. गाड़ियों और लोगों को शहर के बाहरी इलाकों में ही रोका जा रहा है. फिलहाल, स्थिति को नॉर्मल करने की कोशिश है.
