पटना एयरपोर्ट पर 1 फरवरी से लागू होगा फ्लाइटों का नया शेड्यूल, इतनी जोड़ी विमानें बढ़ेंगी

1 फरवरी से नया फ्लाइट शेड्यूल लागू किया जाएगा। जिसमें फ्लाइटों की संख्या छह जोड़ी बढ़ाकर 45 जोड़ी कर दी जाएगी। वर्तमान में शेड्यूल में 39 जोड़ी फ्लाइटें संचालित हो रही हैं। इससे पहले, 27 अक्टूबर 2024 को जारी विंटर शेड्यूल में 45 जोड़ी फ्लाइटें थीं, लेकिन 1 दिसंबर को संशोधित विंटर शेड्यूल में इन्हें घटाकर 35 जोड़ी कर दिया गया था।

कल से जारी होगा नया शेड्यूल

हालांकि बाद में, 1 जनवरी को जारी संशोधित शेड्यूल में यह संख्या फिर बढ़ाकर 39 जोड़ी की गई। हालांकि, अभी भी छह जोड़ी फ्लाइटें बंद हैं। जिनमें सुबह 9 बजे से पहले और रात 9 बजे के बाद संचालित होने वाली उड़ानें शामिल हैं। ठंड के कारण विमानों की टाइमिंग बदली गई थी। वहीं अब 1 फरवरी यानी कल से सभी फ्लाइट का नया शेड्यूल जारी होगा। 6 जोड़ी फ्लाइटें भी बढ़ेंगी।

धुंध और कोहरे के कारण अस्थायी रूप से बंद की गई थीं फ्लाइटें

इन फ्लाइटों को घने धुंध और कोहरे के कारण अस्थायी रूप से बंद किया गया था। अब मौसम साफ होने और धुंध कम होने की संभावना को देखते हुए इन्हें फिर से शुरू किया जाएगा। हालांकि, यह तय नहीं है कि ये सभी फ्लाइटें 1 फरवरी से ही शुरू होंगी या फिर फरवरी के दूसरे और तीसरे सप्ताह में चरणबद्ध तरीके से संचालित की जाएंगी। इनकी बहाली मौसम की स्थिति और सुबह व देर रात धुंध की तीव्रता पर निर्भर करेगी।

स्पाइसजेट की फ्लाइट 3 घंटे 45 मिनट देरी से पहुंची

गुरुवार को, बेहतर मौसम और साफ विजिबिलिटी के बावजूद ऑपरेशनल कारणों से स्पाइसजेट की अहमदाबाद जाने वाली फ्लाइट SG 534 अपने निर्धारित समय शाम 5:35 बजे के बजाय रात 9:10 बजे लैंड हुई और लगभग इतनी ही देरी से रवाना हुई। इसी तरह, बेंगलुरु से आने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट SG 531 भी तय समय दोपहर 12:20 बजे के बजाय 2 घंटे 51 मिनट की देरी से दोपहर 3:11 बजे लैंड हुई और इसी देरी से वापस रवाना हुई। इसके अलावा, अन्य छह जोड़ी फ्लाइटें भी देर से आईं और रवाना हुईं, हालांकि, इनकी देरी एक घंटे से कम रही।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading