कटिहार: बिहार में एक बार फिर पुलिस का बेरहम चेहरा सामने आया है. कटिहार में पुलिस गश्ती वाहन को देखकर आदिवासी युवक ने प्रणाम किया तो दारोगा जी गुस्से से लाल हो गए.
![]()
इतना देखते ही गाड़ी में बैठे पुलिसकर्मियों ने आरोपी युवक की सरेराह जमकर धुनाई कर दी. जिसका वीडियो तेजी से वायरल हो गया. देखते ही देखते मामला पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा तक पहुंच गया.

कटिहार में पुलिस ने युवक को पीटा: मामले में त्वरित संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने कहा कि एक एएसआई, एक महिला सिपाही को सस्पेंड कर दिया है. वहीं दो होमगार्ड को एक साल के लिए वंचित कर दिया हैं. इस मामले में वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं. पुलिस की पिटाई से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया.

आखिर क्यों पीटने लगी पुलिस?: दरअसल, पूरा मामला जिले के पोठिया थाना क्षेत्र का है. बताया जाता है कि पोठिया थाना पुलिस अपने रूटीन संध्या गश्ती पर थी.

इसी दौरान गश्ती वाहन को देखकर एक युवक अनिल बास्की ने प्रणाम कर दिया. पीड़ित के प्रणाम करने से गाड़ी पर बैठे दारोगा जी इस कदर गुस्से से लाल हो गए कि गाड़ी ने उतर कर युवक को भला बुरा कहने लगे.

युवक पर पुलिस ने बरसाई लाठी: इतना देखते ही होमगार्ड जवानों ने युवक की पिटाई शुरू कर दी. पुलिसवालों का दिल इससे भी नहीं भरा तो गश्ती वाहन चला रहे प्राइवेट चालक ने सिपाही के हाथ से लाठियां लेकर ताबड़तोड़ आरोपी युवक पर बरसानी शुरू कर दी. यह लाठियां तब तक नहीं रुकी जब तक युवक बेदम नहीं हो गया.

विरोध में लोगों ने किया सड़क जाम: घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने एसएच 77 को पूरी तरह जाम कर दिया. जिससे कुर्सेला फारबिसगंज मार्ग पूरी तरह जाम हो गया. बरारी के राजद नेत्री बेबी देवी ने पुलिस अधीक्षक से पूरे घटना की जांच की मांग की है.