बॉलीवुड मसाला/ हिंदी सिनेमा के बादशाह के रूप में मशहूर रहे शाहरुख खान अब करियर को वापस पटरी पर लाने के लिए किसी तरह का रिस्क नहीं लेना चाहते। अंतरिक्ष में जाने वाले पहले भारतीय राकेश शर्मा की बायोपिक ‘सारे जहां से अच्छा’ से अलग होने का फैसला उनकी इसी सोच का पहला कदम है। खबरों की मानें तो शाहरुख खान के हिसाब से फिल्म का प्रोजेक्ट आगे नहीं बढ़ रहा था । साथ ही उन पर दबाव था कि इस फिल्म में वह आमिर खान की करीबी दोस्त फातिमा सना शेख के साथ काम करें। यह बात भी शाहरुख खान को अच्छी नहीं लग रही थी।

रोहित शेट्टी की फिल्म ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ से ब्रांड शाहरुख को लगा बट्टा अब तक हट नहीं पाया है। ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ से लेकर ‘जीरो’ तक शाहरुख की सारी फिल्में फ्लॉप रही हैं। ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ की कामयाबी का क्रेडिट भी रोहित शेट्टी को ही मिला था । अब बादशाह किसी तरह का कोई रिस्क नहीं लेना चाहते।ख़बरों के मुताबिक अंजुम रजबअली की मंझवानी के बाद शाहरुख खान और डॉन सीरीज बनाने वाले डायरेक्टर फरहान अख्तर के बीच की कड़वाहट दूर हो चुकी है। दोनों मिलकर अब ‘डॉन 3’ बनाने पर काम कर रहे हैं।

‘डॉन’ और ‘डॉन 2’ दोनों फिल्में शाहरुख खान के करियर की सुपरहिट फिल्में रही हैं और इसे शुरू करने की सलाह शाहरुख खान के करीबी दोस्त सलमान खान ने दी है। सलमान खान खुद रिस्क से बच रहे हैं और पिछले पूरा साल अपने भाइयों अरबाज खान और सोहेल खान से नाराज रहे सलमान ने भी ‘दबंग 3’ पर काम कर दिया है। शाहरुख खान और सलमान खान ने आपस में ये भी तय किया है कि अपनी अपनी फिल्मों में कहानी पर ज्यादा फोकस किया जाए और स्पेशल अपीयरेंस के सहारे हाइप बनाने के गिमिक से दूर रहा जाए।
