मुजफ्फरपुर | नगर संवाददाता
मुजफ्फरपुर स्थित छाता चौक पर आगामी 13 अप्रैल 2025, रविवार को चित्रगुप्त एसोसिएशन की कार्यकारिणी का चुनाव आयोजित होने जा रहा है। चुनाव में बड़ी संख्या में चित्रांश समाज के लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

गर्म मौसम को देखते हुए समाजसेवी महेश प्रसाद सिन्हा ने नगर निगम प्रशासन से अपील की है कि मतदान स्थल पर प्याऊ की व्यवस्था की जाए, जिससे मतदाताओं को गर्मी से राहत मिल सके।

उन्होंने नगर आयुक्त, महापौर और वार्ड संख्या 27 के पार्षद से लिखित अनुरोध करते हुए कहा है कि “इस भीषण गर्मी में शीतल पेयजल की व्यवस्था न केवल आवश्यक है, बल्कि यह सामाजिक जिम्मेदारी भी है।”
इस मांग के पीछे उद्देश्य यही है कि मतदान के दौरान आने-जाने वाले लोगों, खासकर वृद्धों और महिलाओं को कोई असुविधा न हो। यह मांग चित्रांश समाज में चर्चा का विषय बन गई है और लोगों ने इसे एक सार्थक पहल बताया है।
नगर निगम की ओर से इस पर क्या कार्रवाई होती है, इस पर अब सबकी नजरें टिकी हुई हैं।






