मुजफ्फरपुर : संत जोसफ सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पानापुर करियात (बंगरा), कांटी, मुजफ्फरपुर में मातृदिवस के अवसर पर एक भव्य और भावनात्मक समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन विद्यालय प्रांगण में रविवार को संपन्न हुआ, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और सैकड़ों माताओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक श्री अशोक कुमार सिंह के स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने माताओं की महत्ता पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मधुर गीतों और नाट्य अभिनय के माध्यम से सभी का मन मोह लिया।

समारोह की मुख्य अतिथि डॉ. मोनालिसा थीं, जो अपने पति, शहर के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. नवीन कुमार के साथ समारोह में शामिल हुईं। उन्होंने माँ को जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणा बताते हुए कहा, “माँ का होना ही जीवन है, और उनकी अनुपस्थिति में उनकी कीमत समझ आती है।” उनका उद्बोधन सभी के लिए भावविभोर कर देने वाला था।

विद्यालय के निदेशक श्री प्रमोद कुमार ने मुख्य अतिथि और सभी माताओं का स्वागत पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह देकर किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय सदैव माताओं के योगदान का सम्मान करता है और बच्चों को संस्कारों से जोड़ने में उनका सबसे बड़ा हाथ होता है।

समारोह का समापन विद्यालय के प्राचार्य श्री सुबोध कुमार द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर को सफल बनाने में संस्कृति विभाग के साथ-साथ श्री हिमाचल मिश्री, श्री सियाराम, सुश्री सुप्रिया और सुश्री सूफी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह आयोजन मातृत्व के सम्मान और सामाजिक मूल्यों के संवर्धन की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल के रूप में देखा जा रहा है।





