पूर्णिया पूर्व. बेलौरी स्थित भारत फाइनांशियल इंक्लूजन लिमिटेड पूर्णिया बी शाखा से बुधवार की सुबह आधा दर्जन अपराधियों ने हथियार के बल पर सात लाख रुपए लूट लिए। ये पैसे ब्रांच के एजेंटों ने कलेक्शन करके रखा था। पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि शाखा में न तो सीसीटीवी कैमरा लगा था और न ही यहां ढाई साल से ब्रांच चलने की पुलिस को सूचना थी।
बताया जाता है कि भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन का सेंटर खुलवाने के बहाने पहले दो अपराधी अंदर आए। स्टाफ से बातचीत की, फिर दो और अपराधी अंदर आ गए और चारों ने पिस्टल निकाल लिया। एक ने फिल्मी स्टाइल में ब्रांच मैनेजर के मुंह में पिस्टल डाला। दूसरे ने क्रेडिट मैनेजर की कनपट्टी पर पिस्टल सटाकर पूछा-पैसा कहां है।
अपराधियों ने फाइनेंशियल कंपनी के कर्मियों को जान से मारने की धमकी दी। लॉकर का पता नहीं बताने पर अपराधियों ने कर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। पता मिलते ही दो अपराधी कर्मियों को लॉकर रूम तक ले गए और इत्मीनान से रुपए निकाला। इस बीच ब्रांच मैनेजर, क्रेडिट मैनेजर व एकाउंटेंट का हाथ बांध कर उन्हें लॉकर रूम में ही बंदकर ताला जड़ दिया और फरार हो गए।
अपराधियों के जाने के बाद किसी तरह बीसीएम राजीव कुमार ने अपना हाथ खोला और अपने सहयोगियों को मुक्त करवाया। हाथ खुलने के बाद वेे कमरे में मौजूद स्क्रू ड्राइवर की मदद से दरवाजे को खोला और बाहर आकर लूट की सूचना स्थानीय लोगों को दी।