भारती शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में लोक शिक्षा समिति का प्रांतीय आयोजन संपन्न
मुजफ्फरपुर।लोक शिक्षा समिति, बिहार के तत्वावधान में रविवार को भारती शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, केशव नगर, सदातपुर में “सप्त शक्ति संगम” विषयक प्रांतीय कार्यशाला का भव्य आयोजन हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ। मां सरस्वती, ऊं एवं भारत माता के चित्र पर डॉ. पूजा कुमारी (क्षेत्रीय संयोजिका), डॉ. सुधा बाला (अध्यक्ष, लोक शिक्षा समिति), डॉ. नेहा राज व शर्मिला कुमारी (प्रांत संयोजिका) ने विधिवत दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की।
वरिष्ठ पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर विद्या भारती के क्षेत्रीय संगठन मंत्री श्री ख्यालीराम, लोक शिक्षा समिति बिहार के प्रदेश सचिव रामलाल सिंह, कार्यकारिणी सदस्य प्रो. सत्यनारायण प्रसाद, क्षेत्रीय मीडिया समन्वयक नवीन सिंह परमार, विभाग निरीक्षक ललित कुमार राय एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार पाल सहित दर्जनों शिक्षक, कार्यकर्ता एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

कार्यशाला में तीन मुख्य विषयों पर बनी रणनीति
कार्यशाला की मुख्य वक्ता डॉ. पूजा कुमारी ने बताया कि यह संगम कार्यक्रम तीन प्रमुख विषयों—मातृशक्ति प्रबोधन, कुटुंब प्रबोधन और पर्यावरण संरक्षण—पर केंद्रित है। उन्होंने बताया कि संघ शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विद्यालय स्तर पर महिला सम्मेलनों के माध्यम से मातृशक्ति की भागीदारी बढ़ाने की योजना पर काम हो रहा है।
प्रांत संयोजिका शर्मिला कुमारी ने कहा कि अगस्त महीने में प्रत्येक जिले में संगम टोली की बैठकें होंगी। वहीं, सितंबर व अक्टूबर में प्रांतभर में मातृशक्ति संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा।
संस्कारयुक्त समाज की दिशा में सार्थक पहल
कार्यशाला में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने तय किया कि निर्धारित कार्ययोजना को समयबद्ध और चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। ताकि समाज में संस्कार, परिवारिक मूल्य एवं पर्यावरण चेतना को सशक्त किया जा सके।


