मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर का मीनापुर गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। थाना क्षेत्र के लौतन चौक (विषहर स्थान) के समीप गुरुवार की रात बदमाशों ने अंधाधूंध फायरिंग की जिसका शिकार दो बुजुर्ग बन गए। मानसिक रूप से अस्वस्थ गांगी छपरा गांव के दीपलाल साह (55) और भोला सिंह (60) को गोली लगी । इसमें दीपलाल साह की मौत हो गई जबकि, भोला सिंह को गंभीर स्थिति में एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार दीपलाल साह के परिवार में कोई नहीं है। वे भिक्षाटन कर अपना जीवन यापन करते थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को एसकेएमसीएच भेज दिया। अंतिम संस्कार करना वाला भी उनका अपना कोई नहीं है। इस मामले में एसडीपीओ पूर्वी-एक अलय वत्स ने बताया कि घटना के कारणों का पता नहीं चला है।

पुलिस की टीम घटना स्थल पर पहुंचकर छानबीन कर रही है। घायल भोला सिंह का बयान दर्ज कराने का प्रयास चल रहा है। स्थिति के कारण उनसे बात नहीं हो पा रही है। डीएसपी ने कहा कि घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है ।

इधर समस्तीपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ताजपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक रेलवे लोको पायलट की गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

लोगों में स्थानीय पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। आरोप है कि असली बदमाशों को पुलिस गिरफ्तार नहीं करती। किसी कांड में जांच और कार्रवाई के नाम पर महज खानापूर्ति की जा रही है जिससे बदमाशों का मनोजबल काफी बढ़ा हुआ है।