मैरिज हॉल में पुलिस की छापेमारी से हड़कंप, शादी के मंडप से हिरासत में लिए गए 8 महिला समेत 24 लोग; क्या है मामला?

रोहतास: रोहतास जिले के बिक्रमगंज बाजार स्थित एक मैरिज हॉल में पुलिस ने छापेमारी कर 24 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें 8 महिलाएं शामिल हैं। हिरासत में ली गई महिलाओं में एक नाबालिग लड़की भी पाई गई है। मौके से पुलिस ने एक लाख रुपये नकद और आभूषण भी बरामद किए हैं।

यह मामला एक नाबालिग लड़की की शादी मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के एक युवक से कराए जाने से जुड़ा है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके के एक गरीब परिवार को लालच देकर उसकी नाबालिग बेटी की शादी कराई जा रही है। सूचना के आधार पर बिक्रमगंज थाना पुलिस ने शिव मैरिज हॉल में दबिश दी।

छापेमारी के दौरान बक्सर जिले के चकिया की रहने वाली एक नाबालिग लड़की को बरामद किया गया, जिसकी शादी रतलाम जिले के पेलादरी निवासी युवक से कराई जा रही थी। पुलिस को आशंका है कि यह मामला दूसरे राज्यों से जुड़े किसी गिरोह का हिस्सा हो सकता है, जो गरीब परिवारों की बच्चियों को बहला-फुसलाकर शादी के नाम पर सौदेबाजी करता है।

पुलिस ने लड़का और लड़की पक्ष के कुल 16 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जिनमें 8 महिलाएं शामिल हैं। बता दें कि इससे पहले भी हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों से जुड़े ऐसे मामले सामने आ चुके हैं, जहां दलालों के माध्यम से गरीब परिवारों की बच्चियों की खरीद-फरोख्त कर शादी कराई जाती रही है।

इन घटनाओं के बाद पुलिस सतर्क हो गई है। इस मामले में मध्य प्रदेश के रतलाम से अपने बेटे की शादी के लिए आए शंकर लाल चौहान ने बताया कि वे अपने पुत्र के विवाह के लिए बिहार आए थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट करने की बात कही जा रही है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading