बिहार : साइबर अपराधी ठगी के लिए रोजाना नये हथकंडे अपना रहे हैं। अब मोबाइल को हैक कर खाते से पैसे उड़ाने के मामले अधिक आने लगे हैं। पटना जिले में पिछले एक माह में लगभग सौ ऐसे मामले सामने आएं हैं, जिसमें लोगों का मोबाइल हैक कर या तो उनके बैंक खाते से राशि की निकासी कर ली गई या उनके दोस्तों से ठगी की गई है। साइबर अपराधियों ने ऐसी घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस की नींद उड़ा दी है।

ज्यादातर मामले बैंकों से जुड़े हैं, जिसमें लोगों के पास फोन आए। इसमें बैंक खाता अपडेट कराने, केवाईसी कराने या खाता से संबंधित अन्य त्रुटि बताकर अपराधियों ने पहले लोगों को विश्वास में लिया, उसके बाद उनके मोबाइल पर एंड्रायड पैकेज किट (एपीके) फाइल भेजकर उस पर क्लिक करने की सलाह दी। जिन-जिन लोगों ने ऐसा किया, उनके मोबाइल को पहले हैक किया, उसके बाद बैंक खाते से राशि की निकासी कर ली गई। जिन नंबरों से ज्यादातर ठगी की गई है उनके शुरू में *21*# के बाद मोबाइल नंबर था। मोबाइल हैक करने के बाद अपराधी आसानी से बैंक खाते से राशि की निकासी कर ले रहे हैं।

कैसे कर रहे हैं मोबाइल हैक
साइबर डीएसपी नीतीश चंद्र धारिया का कहना है कि पिछले एक माह से बिहार में कॉल फारवर्ड कर बैंक से पैसे की निकासी के मामले अधिक आ रहे हैं। छानबीन की गई तो पता चला कि साइबर अपराधी एपीके फाइल में ऐसी प्रोग्रामिंग कर रहे हैं, जिससे लोगों द्वारा मैसेज का रिप्लाई करते ही उनका मोबाइल हैक हो जा रहा है। मोबाइल हैक करने के बाद साइबर अपराधी उसी नंबर से अलग वाट्सअप बनाकर अन्य लोगों को मैसेज भेजकर भी ठगी कर रहे हैं।

मोबाइल हैक होने के बाद अपराधी स्क्रीन शेयरिंग और फोन एक्सेस भी कर ले रहे हैं। जिसका मोबाइल हैक होता है उसे तुरंत इसकी जानकारी भी नहीं मिल पाती है तब तक अपराधी बैंक खाते से पैसे की निकासी या अन्य लोगों को ठगी का शिकार बना चुके होते हैं। बढ़ते मामलों की गंभीरता को देखते हुए पटना साइबर पुलिस ने छह सदस्यीय टीम का गठन किया है, जो घटनाओं की जांच करेगी।
मैसेज पर क्लिक करते खातें से 48 हजार गायब
पिछले सप्ताह पटना गोरियाटोली के राजेंद्र चौधरी के दोस्त का साइबर अपराधियों ने मोबाइल हैक कर लिया। कुछ ही देर में उसके वाट्सअप पर राजेंद्र चौधरी से मैसेज आया कि बहुत जरूरी काम आ गया है कुछ पैसे की जरूरत है। उनके मोबाइल से जो मैसेज आया उस पर बिना सोचें क्लिक कर दिया उसके बाद उनके बैंक अकांउट से 48 हजार की निकासी हो गई। साइबर अपराधियों ने दोस्त का मोबाइल हैक कर उनसे भी ठगी कर ली। गर्दनीबाग निवासी राजेश कुमार का भी मोबाइल हैक कर लगभग 50 हजार की निकासी कर ली। पटना साइबर थाने की पुलिस ने दोनों मामले की छानबीन की तो पता चला कि कॉल शेखपुरा से आया था।

क्या नहीं करें
● एपीके फाइल को कभी भी डाउनलोड नहीं करें
● वाट्सअप सेटिंग में ऑटोमेटिक डाउनलोड को बंद रखें
● मोबाइल की सेटिंग में दो स्टेप वेरिफिकेशन लगाकर रखें
● किसी भी अनजान स्कैनर को स्कैन नहीं करें
● *21*# के बाद मोबाइल नंबर से भेजे गए मैसेज को डाउनलोड न करें या उस पर मैसेज न भेजें