बिहार: बिहार के बाहर के राज्यों के लोगों को शादी का झांसा देकर लूटपाट की घटना को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का बनमनखी पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में चार अपराधियों के साथ गिरोह से जुड़ी एक महिला लाइनर सहित कुल पांच अंतरजिला अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। जानकारी के अनुसार राजस्थान के अजमेर जिले के चार लोगों को शादी के नाम पर लड़की दिखाने के बहाने बनमनखी बुलाया गया था। कांड दर्ज करके पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी में जुट गई है।

बीते रविवार की रात अपराधियों ने उन्हें चार पहिया वाहन से सुनसान इलाके में ले जाकर मारपीट की और नकदी, मोबाइल व ट्रॉली बैग लूट लिए। इतना ही नहीं, पीड़ितों के मोबाइल से 98 हजार रुपये भी ट्रांसफर करा लिए गए। वारदात के बाद अपराधियों ने पीड़ितों को थाना क्षेत्र के रसाढ़ स्थित सुनसान सड़क पर छोड़कर फरार हो गए। रात्रि गश्ती के दौरान पुलिस ने करीब 1:30 बजे पीड़ितों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया,जिसके बाद पीड़ितों ने घटना की जानकारी दी।

इस पर बनमनखी थाना में कांड संख्या 87/26 दर्ज करते हुए पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शैलेश प्रीतम के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शैलेश प्रीतम ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम द्वारा छापेमारी करते हुए कौसर खान पिता नईम खान उर्फ नईम उर्फ तजीमूल, मो. मुमताज पिता मो. शौफत, आरिफ खान पिता कौसर खान तीनों सुपौल जिला अंतर्गत छातापुर थाना क्षेत्र के कटहरा वार्ड नंबर 12 का रहने वाला है।

मकबूल पिता शब्बीर उर्फ सादिक का स्थायी पता काकिनारा जगदल थाना जिला बैरकपुर पश्चिम बंगाल और वर्तमान पता मोहनपुर कटहारा वार्ड नंबर 12 थाना छातापुर जिला सुपौल है।

मोबाइल फोन और एक चार पहिया वाहन जब्त
रीना देवी पति पंकज राम मुजफ्फरपुर जिला अंतर्गत कांटी थाना क्षेत्र के मानिकपुर वार्ड नंबर 10 का वर्तमान पता उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिला अंतर्गत करेली थाना क्षेत्र के करेला बाग है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से लूटे गए चार मोबाइल, एक ट्रॉली बैग, अन्य तीन मोबाइल तथा घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन बरामद किया गया है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि इस गिरोह की तलाश पहले से सुपौल पुलिस को थी। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष संजय कुमार, एएसआई ऋषि यादव, पुलिस अवर निरीक्षक कमल कुमार, सुधांशु राज, अनिशा कुमारी, चंद्र प्रकाश, एएसआई संजीव कुमार कई जवान शामिल थे।

