मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर से एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है. 10 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के मुख्य आरोपी की मौत हो गई. मिठनपुरा थाना क्षेत्र की इस घटना ने पूरे इलाके को पूरी तरह से झकझोर कर रख दिया है. पुलिस इस पूरे मामले की हर संभावित पहलू से जांच कर रही है.

11 अप्रैल की घटना
11 अप्रैल को एक 10 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात सामने आई थी. घटना की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए पीड़िता को तत्काल मेडिकल के लिए भेजा. साक्ष्य जुटाने हेतु एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया. पीड़िता की माता के बयान के आधार पर मिठनपुरा थाने में कांड संख्या 1126 दर्ज किया गया.

तीन महिला की हुई थी गिरफ्तारी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देश पर एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया, जिसका नेतृत्व एसडीपीओ टाउन-1 द्वारा किया गया. जांच प्रक्रिया के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले, जिससे पूरे घटनाक्रम का सिलसिलेवार खुलासा संभव हो सका. इस प्रकरण में पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया.

पुलिस के पहुंचने से पहले ही मौत
तीनों महिला से पूछताछ में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इन महिलाओं ने महज पैसों के लालच में आकर मासूम बच्ची को बहलाया-फुसलाया और फिर मुख्य आरोपी के पास तक पहुंचाया था. हैरानी की बात यह रही कि पुलिस जब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए उसके संभावित ठिकाने पर पहुंची, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. परिजनों द्वारा उसका अंतिम संस्कार भी किया जा चुका था.

हार्ट अटैक या आत्महत्या
मृतक की पहचान पुरुषोत्तमपुर निवासी नवीन कुमार के रूप में की गई है, जो पेशे से एक बिजली मिस्त्री के रूप में कार्य करता था. फिलहाल आरोपी की मौत हार्ट अटैक की वजह से हुई है अथवा उसने आत्महत्या की है, इसे लेकर स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस इन दोनों ही पहलुओं को केंद्र में रखते हुए अपनी जांच को आगे बढ़ा रही है.

