आगामी लोकसभा चुनाव के मैदान में बॉलीवुड अभिनेत्री और भोपाल की बहू करीना कपूर खान को उतारने की खबरें इन दिनों जोरों पर चल रही है। ऐसा कहा जा रहा है कि 40 साल से भोपाल सीट हार रही कांग्रेस और करीना कपूर खान चुनाव जिता सकती हैं , क्यूंकि युवाओं में करीना कपूर खान की अच्छी फैन फॉलोइंग है।

अब इस बात पर करीना का बयान सामने आया है। करीना कपूर ने यह साफ कर दिया है कि उनका पूरा ध्यान फिल्मों पर है, राजनीति पर नहीं। करीना कपूर ने कहा है, ‘मेरा फोकस बस फिल्में हैं। मेरे चुनाव लड़ने की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है। मुझे किसी भी पार्टी ने चुनाव लड़ने के लिए अप्रोच नहीं किया है।

भोपाल के कांग्रेस पार्षद योगेंद्र सिंह ने पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी से मांग की है कि करीना कपूर को कांग्रेस प्रत्याशी बनाया जाए। पार्षद की यह दलील है कि करीना कपूर खान को प्रत्याशी बनाने से भाजपा को उनके किले में मात दी जा सकती है। इससे पहले करीना के ससुर और पूर्व क्रिकेटर मंसूर अली खां पटौदी कांग्रेस की तरफ से भोपाल से लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं हालांकि वे हार गए थे।

पटौदी खानदान से ताल्लुक रखने के कारण भोपाल करीना कपूर खान का ससुराल है और यहां वे सैफ अली खान के साथ कई बार आती भी रहती हैं। वहीं करीना कपूर खान कई दफा राहुल गांधी को पसंद करने की बात सरेआम कुबूल चुकी हैं। एक टीवी शो में करीना ने कहा था, मैं राहुल गांधी को डेट करना चाहती हूं। मुझे उन्हें जानने-समझने में कोई दिक्कत नहीं है।