सिवान: बिहार के सिवान जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र के सहसा गांव में एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है. 30 वर्षीय इंजीनियर दीपक कुमार ने अपनी 23 वर्षीय पहली पत्नी आराध्या कुमारी की हत्या कर शव को बोरे में बंद करके सहरकोला लहेजी NH-227A के किनारे फेंक दिया. घटना के मात्र 12 दिनों बाद आरोपी ने दूसरी शादी भी कर ली, जिसने पूरे मामले को और चौंकाने वाला बना दिया है.

आराध्या का गायब होना और परिवार का शक
12 अप्रैल को दीपक कुमार अपनी पत्नी आराध्या कुमारी को बाइक पर कहीं ले गया था. उसके बाद से ही युवती का मोबाइल फोन स्विच ऑफ आ रहा था. जब काफी देर तक आराध्या का कोई पता नहीं चला तो उसके परिजनों को शक हुआ. आराध्या सारण जिले के रिवीलगंज थाना क्षेत्र के नयका बैजूटोली गांव की निवासी थी और प्रवीण साह की पुत्री थी. परिवारवालों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.

पिता ने थाने में दी तहरीर
आराध्या के पिता प्रवीण साह ने नगर थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई और पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और आरोपी दीपक कुमार को हिरासत में ले लिया. आरोपी के पिता विजय कुमार साह सहसा गांव के निवासी हैं.

आरोपी का कबूलनामा
पुलिस की सख्त पूछताछ के दौरान दीपक कुमार ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने बताया कि लगभग 12 दिन पहले उसने अपनी पत्नी आराध्या की हत्या कर दी थी. शव को बोरे में बंद करके बसंतपुर थाना क्षेत्र के सहरकोला लहेजी NH-227A के किनारे फेंक दिया गया था. आरोपी के निशानदेही पर पुलिस ने बताए गए स्थान से सड़े-गले अवस्था में शव बरामद किया.

12 दिनों में दूसरी शादी का चौंकाने वाला खुलासा
मामले की जांच के दौरान एक और हैरान कर देने वाला तथ्य सामने आया. हत्या के महज 12 दिनों बाद 21 अप्रैल को दीपक कुमार ने सिवान जिले के पचरूखी थाना क्षेत्र निवासी कृष्णा साह की पुत्री कुमारी पिंकी से दूसरी शादी कर ली. यह खुलासा पूरे मामले को और अधिक संवेदनशील बना रहा है.

पुलिस की जांच जारी
थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि फिलहाल पुलिस आरोपी दीपक कुमार से आगे की पूछताछ कर रही है. पूरे मामले की गहन जांच चल रही है. शव का पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस मामले में अन्य संदिग्धों की भी तलाश कर रही है.

परिवारों में मचा कोहराम
आराध्या कुमारी की हत्या और आरोपी द्वारा इतनी जल्दी दूसरी शादी करने की घटना ने दोनों परिवारों में गहरा सदमा पहुंचाया है. आराध्या के परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं, जबकि दीपक कुमार के परिवार में भी भारी शोक और असमंजस की स्थिति बनी हुई है.