BPSC 71वीं मुख्य परीक्षा आज से शुरू, पटना के 22 केंद्रों पर 13 हजार अभ्यर्थी देंगे एग्जाम

बिहार : बिहार लोक सेवा आयोग की एकीकृत 71वीं संयुक्त मुख्य (लिखित) प्रतियोगिता परीक्षा शनिवार, 25 अप्रैल से शुरू हो रही है। राजधानी पटना के 22 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित यह परीक्षा 30 अप्रैल तक चलेगी। इस परीक्षा के माध्यम से बिहार प्रशासनिक सेवा और बिहार पुलिस सेवा समेत कुल 1298 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए 13,024 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।

पहले दिन दो पालियों में परीक्षा

पहले दिन यानी 25 अप्रैल को परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली में सामान्य हिन्दी विषय की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगी। वहीं दूसरी पाली में निबंध पत्र की परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित की जाएगी।

मुख्य परीक्षा का शेड्यूल

आयोग के अनुसार, 27 अप्रैल को सामान्य अध्ययन (प्रथम पत्र) की परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक होगी। 28 अप्रैल को सामान्य अध्ययन (द्वितीय पत्र) की परीक्षा इसी समय पर आयोजित की जाएगी। 29 अप्रैल को ऐच्छिक विषय की परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक होगी। 30 अप्रैल को वित्तीय प्रशासनिक पदाधिकारी से संबंधित ऐच्छिक विषय की परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक ली जाएगी।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

आयोग ने परीक्षा को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, साथ ही दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading