मुख्यमंत्री बनने के बाद आज पहली बार पुनौरा धाम जाएंगे सम्राट चौधरी, जानकी नवमी पर पूजा-अर्चना कर महोत्सव का करेंगे शुभारंभ

बिहार : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज माता सीता की जन्मस्थली पुनौरा धाम जाएंगे। मुख्यमंत्री का पद संभालने के बाद यह उनका पहला सीतामढ़ी दौरा है, जिसे बेहद अहम माना जा रहा है। सम्राट चौधरी यहाँ जानकी नवमी के पावन अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना करेंगे और राजकीय जानकी नवमी महोत्सव का भव्य शुभारंभ करेंगे।

साथ ही क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण भी करेंगे। मुख्यमंत्री निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे, ताकि विकास योजनाओं में तेजी लाई जा सके और कार्य समय पर पूरा हो सके।

सीएम सम्राट जगद्गुरु रामभद्राचार्य से करेंगे मुलाकात

अपने दौरे के क्रम में मुख्यमंत्री जगद्गुरु रामभद्राचार्य से भी मुलाकात करेंगे और उनका आशीर्वचन प्राप्त करेंगे। अपने इस दौरे के दौरान वे डुमरा प्रखंड के राघोपुर बखरी स्थित 834 वर्ष प्राचीन श्रीराम जानकी मठ के जीर्णोद्धार कार्य का शिलापूजन करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री पुनौरा धाम पहुंचकर माता जानकी की पूजा-अर्चना करेंगे। साथ ही, पुनौराधाम में बन रहे भव्य मंदिर निर्माण कार्य का निरीक्षण भी करेंगे। दौरे के क्रम में सीएम जिला प्रशासन द्वारा आयोजित दो दिवसीय सीतामढ़ी महोत्सव का शुभारंभ करेंगे और मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार जिलेवासियों को संबोधित भी करेंगे।

दुल्हन की तरह सजाया गया पुनौराधाम 

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुनौराधाम मंदिर परिसर को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। पूरे परिसर में मिथिला पेंटिंग, रंग-बिरंगी लाइटें और फूलों से सजावट की जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक भव्यता का अनुभव मिल सके। माता सीता की जन्मस्थली माने जाने वाले इस स्थल पर सजावट का काम लगभग अंतिम चरण में है। महोत्सव को आकर्षक बनाने के लिए विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी तैयारी की गई है।

प्रशासनिक स्तर पर कड़ी निगरानी 

जिलाधिकारी रिचा पांडे के नेतृत्व में पूरे आयोजन की निगरानी की जा रही है। वहीं, पुलिस अधीक्षक अमित रंजन भी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं। दोनों अधिकारियों ने पुनौराधाम पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन का लक्ष्य है कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading