बिहार में कल से बदलेगा मौसम, भीषण गर्मी के बीच आंधी-बारिश की चेतावनी; इन जिलों में येलो अलर्ट

बिहार: बिहार में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच राहत भरी खबर आई है। मौसम विभाग ने शनिवार 25 अप्रैल से राज्य में मौसम बदलने के आसार जताए हैं। अगले 4-5 दिनों तक राज्य भर में आंधी और बारिश का दौर शुरू होने वाला है। मौसम पलटने से तापमान में भी तेजी से गिरावट आएगी। हालांकि, अगले 48 घंटों तक दक्षिण बिहार के जिलों में लोगों को हीटवेव से दो-चार होना पड़ सकता है।

पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को जारी पूर्वानुमान में बताया है कि बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल से होकर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। अगले 24 घंटे में राज्य के मौसम में परिवर्तन के आसार हैं। शनिवार को सीमांचल और नेपाल से सटे उत्तर बिहार के जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। इसके बाद रविवार को समूचे उत्तर बिहार में बारिश संबंधी गतिविधियां बढ़ेंगी। 27 अप्रैल से राजधानी पटना और दक्षिण बिहार में भी आंधी, बारिश और वज्रपात का असर देखने को मिल सकता है।

25 अप्रैल को 7 जिलों में आंधी बारिश, 5 में हीटवेव का येलो अलर्ट

शनिवार को बिहार में दो तरह का मौसम देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज जिले में मेघगर्जन, वज्रपात, आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। इसी दिन दक्षिण बिहार में भीषण गर्मी पड़ने की चेतावनी है। गयाजी, नवादा, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर जिले में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

26 को 13 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट

रविवार को उत्तर बिहार के अधिकतर जिलों में आंधी और बारिश का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, मधेपुरा, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज और कटिहार जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही सारण, सीवान, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण एवं पश्चिम चंपारण में बरसात, आंधी और आकाशीय बिजली गिरने का येलो अलर्ट है।

इसके बाद 27 और 28 अप्रैल को पूरे बिहार में मौसम खराब रहने की आशंका रहेगी। सोमवार को पटना, भागलपुर, गयाजी, नालंदा, कैमूर समेत दक्षिण बिहार के जिलों में भी तेज हवाओं के साथ बरसात हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आने की संभावना है। बीते 24 घंटे के भीतर राज्य भर में मौसम शुष्क बना रहा। भीषण गर्मी की वजह से दक्षिण बिहार में अधिकतर शहरों का पारा 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। पिछले कुछ दिनों से रातें भी गर्म महसूस होने लगी हैं। अधिकतर जिलों में रात का तापमान भी 22 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।

44 डिग्री से तपा रोहतास, इन शहरों में भी 40 पार है पारा

शुक्रवार 24 अप्रैल को रोहतास जिले के डेहरी में सर्वाधिक 44 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। पटना, औरंगाबाद, गयाजी, कैमूर, शेखपुरा, नालंदा, जहानाबाद और छपरा में भी दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। इस वजह से इन जिलों में लू जैसी स्थिति बनी रही।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading