विशेष निगरानी इकाई की बड़ी कार्रवाई, 50 हजार रिश्वत लेते कार्यपालक पदाधिकारी और स्वच्छता साथी को दबोचा

बिहार : बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत विशेष निगरानी इकाई (SVU), पटना ने आज जमुई जिले के सिकंदरा में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने नगर पंचायत सिकंदरा के कार्यपालक पदाधिकारी संतोष कुमार और उनके कार्यालय के स्वच्छता साथी सोनू कुमार को 50,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई नगर पंचायत क्षेत्र के ही एक निवासी की लिखित शिकायत पर की गई है।

विशेष निगरानी इकाई के अनुसार, नगर पंचायत सिकंदरा के लहिया टोला निवासी राजेश कुमार मिश्रा ने विशेष निगरानी इकाई में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री आवास योजना की फाइलों को आगे बढ़ाने के बदले आरोपितों द्वारा प्रति फाइल 2500 रुपये की दर से कुल 1,62,500 रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। पीड़ित ने बताया कि रिश्वत की राशि नहीं देने के कारण अधिकारी काम करने से मना कर रहे थे और फाइलों को लटका कर रखा गया था।

राजेश कुमार मिश्रा की शिकायत पर मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष निगरानी इकाई ने भ्रष्टाचार निरोधक कानून की धारा 7 के तहत कांड संख्या-16/2026 दर्ज कर मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान शिकायत सही पाए जाने पर टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही मंगलवार को पीड़ित ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 50,000 रुपये कार्यपालक पदाधिकारी और उनके सहयोगी को सौंपे, पहले से घात लगाकर बैठी निगरानी टीम ने दोनों को रंगे हाथ दबोच लिया।

गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम दोनों आरोपियों को अपने साथ पटना ले गई है। विभाग के सूत्रों के अनुसार, इस पूरे मामले में संलिप्तता के अन्य साक्ष्यों को जुटाने के लिए कार्यपालक पदाधिकारी के कार्यालय और अन्य ठिकानों पर छानबीन की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के इस सिंडिकेट में अगर अन्य कर्मियों की भूमिका भी सामने आती है, तो उन पर भी गाज गिरना तय है।

निगरानी विभाग की इस दबिश से जिले के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। गिरफ्तार कार्यपालक पदाधिकारी संतोष कुमार और स्वच्छता साथी सोनू कुमार को कल यानी बुधवार को पटना स्थित विशेष निगरानी अदालत में पेश किया जाएगा। फिलहाल, विभाग की ओर से अग्रतर कार्रवाई जारी है और बरामद किए गए पैसों को साक्ष्य के तौर पर जब्त कर लिया गया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading