बिहार: बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर चल रहे सख्त अभियान के बीच मुजफ्फरपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार और कई संगीन मामलों में वांछित कुख्यात अपराधी प्रेम सिंह टाइगर ने आखिरकार पुलिस दबाव और कुर्की कार्रवाई के डर से आत्मसमर्पण कर दिया। इस घटना को पुलिस प्रशासन अपनी बड़ी उपलब्धि के रूप में देख रहा है।

यह पूरी कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा थी, जिसके तहत फरार अपराधियों के खिलाफ कुर्की-जब्ती और संपत्ति जब्ती की कार्रवाई तेज कर दी गई थी। इसी क्रम में हथौड़ी थाना क्षेत्र के भदई गांव में पुलिस की टीम डीएसपी ईस्ट वन अलय वत्स के नेतृत्व में पहुंची और आरोपी के घर पर कुर्की की तैयारी शुरू कर दी।

पुलिस टीम जब बुलडोजर और दलबल के साथ मौके पर पहुंची, तो स्थिति अचानक बदल गई। गिरफ्तारी और संपत्ति जब्ती के डर से कुख्यात अपराधी प्रेम सिंह टाइगर ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से फरार था और सीतामढ़ी तथा मुजफ्फरपुर जिलों के अलग-अलग थानों में उसके खिलाफ करीब एक दर्जन गंभीर मामले दर्ज हैं। हथौड़ी थाना में भी उसके खिलाफ दो संगीन आपराधिक केस लंबित हैं। जैसे ही पुलिस ने उसके घर पर कुर्की की कार्रवाई शुरू की, उसने दबाव में आकर आत्मसमर्पण करने का फैसला लिया।

डीएसपी ईस्ट वन अलय वत्स ने बताया कि यह कार्रवाई जिले में चल रहे विशेष अभियान का हिस्सा है, जिसमें फरार और वांछित अपराधियों के खिलाफ लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस की सख्ती और बुलडोजर कार्रवाई के डर से अपराधियों में भय का माहौल बना है, जिसका परिणाम यह सरेंडर है।

फिलहाल पुलिस ने प्रेम सिंह टाइगर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और उसके नेटवर्क व अन्य मामलों की गहराई से जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को मुजफ्फरपुर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे अपराधियों में साफ संदेश गया है कि अब कानून से बचना आसान नहीं है।
