मधुबनी में आग का तांडव, होलसेल कपड़ा गोदाम में लगी भीषण आ’ग; लाखों का सामान जलकर खा’क

मधुबनी: मधुबनी जिले के झंझारपुर आरएस बाजार इलाके में शनिवार की सुबह एक रेडीमेड और कपड़ा होलसेल दुकान के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। इस आग में गोदाम के अंदर रखा लाखों रुपये का कीमती सामान जलकर पूरी तरह से राख हो गया। गनीमत यह रही कि स्थानीय लोगों की सूचना पर दमकल विभाग की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए समय पर पहुंच कर आग पर काबू पा लिया। इससे एक बहुत बड़ा हादसा टल गया और आग को इमारत की अन्य मंजिलों और आसपास की घनी दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे की है। झंझारपुर आरएस बाजार स्थित एक तीन मंजिला मकान की तीसरी मंजिल पर यह रेडीमेड कपड़ों का गोदाम बनाया गया था। शनिवार की सुबह अचानक इस गोदाम से काला धुआं और आग की तेज लपटें उठने लगीं। आग की लपटें देखकर स्थानीय लोगों और दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। दुकान के मालिक रूपेश प्रसाद ने बताया कि आग संभवतः बिजली के शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।

15 मिनट में पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम

आग लगने की सूचना तुरंत स्थानीय फायर विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही महज 15 मिनट के भीतर फायर ब्रिगेड की टीम दमकल की गाड़ी के साथ मौके पर पहुंचने में सफल रही। टीम ने बिना कोई देरी किएआग बुझाने का काम शुरू कर दिया। अग्निशमन दल के कर्मियों ने अपनी सूझबूझ और कड़ी मशक्कत से करीब आधे घंटे के भीतर ही आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। आग बुझाने वाले इस अग्निशमन दल में प्रधान अग्निक विकास कुमार के साथ पंकज कुमार, सुशील कुमार, रौशन कुमार, पुष्पा कुमारी और सुषमा कुमारी शामिल थे।

4 से 5 लाख के नुकसान का अनुमान

इस घटना में सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। दमकल कर्मियों की मुस्तैदी और तुरंत कार्रवाई के कारण आग केवल तीसरी मंजिल तक ही सीमित रही। अगर आग नीचे स्थित अन्य गोदामों व दुकानों तक पहुंच जाती, तो भारी तबाही मच सकती थी।

हालांकि, जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक तीसरी मंजिल पर रखे रेडीमेड कपड़े, कीमती साड़ियां, दो कूलर और बेड सहित लगभग चार से पांच लाख रुपये का सामान जलकर पूरी तरह खाक हो चुका था।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading