सम्राट कैबिनेट के नए मंत्रियों की संभावित लिस्ट, 7 मई को गांधी मैदान में शपथ ग्रहण

पटना: पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के रिजल्ट से भारतीय जनता पार्टी में जबरदस्त उत्साह है. अब बिहार में सम्राट मंत्रिमंडल विस्तार का रास्ता साफ हो गया है. पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण होगा, उसकी तैयारी भी शुरू हो गई है. समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के साथ एनडीए के दिग्गज नेता मौजूद रह सकते हैं.

7 मई को मंत्रिमंडल विस्तार

15 अप्रैल को सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. 20 दिन हो गए हैं, अब जाकर मंत्रिमंडल विस्तार का रास्ता साफ हो गया है . पश्चिम बंगाल चुनाव के कारण बिहार मंत्रिमंडल विस्तार लटक गया था. सम्राट चौधरी दिल्ली में बीजेपी के तमाम शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर पटना लौट आए हैं और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी मिल लिए हैं. मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले नामों पर सहमति बन चुकी है. मंत्रिमंडल विस्तार में सभी सहयोगी दलों की नुमाइंदगी होगी.

जेडीयू के संभावित मंत्री

जनता दल यूनाइटेड के कोटे से नीतीश कुमार अपने पुराने मंत्रियों को ही फिर से मौका देंगे. फिलहाल दो उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव इस सरकार में शामिल हैं. जेडीयू से जिन्हें मंत्री बनाए जाने की चर्चा है, उसमें श्रवण कुमार, लेसी सिंह, सुनील कुमार, अशोक चौधरी, भगवान सिंह कुशवाहा, मदन सहनी, जमा खान, शीला मंडल, जयंत राज और रत्नेश सदा हैं. महेश्वर हजारी भी मंत्री बनने की कतार में खड़े हैं. कुछ युवा चेहरे को भी मौका मिल सकता है.

बीजेपी के संभावित मंत्री

भारतीय जनता पार्टी की तरफ से भी पुराने मंत्रियों को ही फिर से मौका मिल सकता है. संभावित मंत्रियों में मंगल पांडे, श्रेयसी सिंह, विजय कुमार सिन्हा, दिलीप जायसवाल, अरुण शंकर प्रसाद, संजय सिंह टाइगर, रामकृपाल यादव, लखेद्र पासवान, प्रमोद कुमार चंद्रवंशी, रमा निषाद और जीवेश मिश्रा को फिर से मौका मिल सकता है.

बीजेपी में नए चेहरों को मिलेगा मौका

कुछ नए चेहरे को भी बीजेपी मौका दे सकती है. जिसमें नीतीश मिश्रा और संजीव चौरसिया का भी नाम आ रहा है. सबकी नजर विजय कुमार सिन्हा पर है. नीतीश कुमार की सरकार वह उपमुख्यमंत्री के साथ-साथ राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री थे. इस बार अगर मंत्री बनते हैं तो उन्हें कौन सा विभाग दिया जाता है, इस पर सबकी नजर है.

एलजेपीआर से इन दोनों को मौका

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की तरफ से दो मंत्री बनेंगे. चिराग पासवान अपने दोनों पुराने मंत्रियों संजय सिंह और संजय पासवान को ही रिपीट करेंगे, यह तय माना जा रहा है.

संतोष सुमन फिर से मंत्री

जहां तक हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा की बात है तो केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी के बेटे और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन का मंत्री बनना तय है. वह पिछली सरकार में भी मंत्री थे. हम कोटे से एक ही मंत्री बनना है.

दीपक प्रकाश बनेंगे मंत्री

राष्ट्रीय लोक मोर्चा से अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को बेटे दीपक प्रकाश फिर से मंत्री बन सकते हैं. हालांकि वह किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं, इसलिए कई तरह की अटकलें लगाई जा रही है लेकिन लगता नहीं है कि उनकी जगह किसी और को मौका मिलेगा.

मंगल पांडे का बढ़ेगा कद

बंगाल चुनाव में बीजेपी के कई नेताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया था. मंगल पांडे बंगाल के प्रभारी भी थे. इसलिए उन्हें महत्वपूर्ण विभाग मिलना तय है. इसके अलावे जिन लोगों ने अपनी बड़ी भूमिका निभाई है, उनमें से कुछ को बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है.

गांधी मैदान में होगा भव्य आयोजन

15 अप्रैल को जब सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी तब बंगाल चुनाव का उस पर असर दिखा था. अब बंगाल चुनाव में जीत के बाद मंत्रिमंडल विस्तार को भव्य तरीके से करने की तैयारी हो रही है. जिसमें कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हो सकते हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद भी शपथ ग्रहण समारोह के साक्षी बनेंगे.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading