मुंगेर: जिले के व्यस्ततम इलाके गांधी चौक के पास स्थित एक ब्रेड फैक्ट्री (बेकरी) में मंगलवार को अचानक भीषण आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब बेकरी के अंदर कामकाज चल रहा था और अचानक ओवन जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग सहम गए और देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी बेकरी को अपनी चपेट में ले लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग ने कुछ ही मिनटों में भयावह रूप धारण कर लिया और ओवन के पास रखे कच्चे माल, तैयार ब्रेड और अन्य कीमती सामानों को जलाकर खाक कर दिया। आग की ऊंची लपटों को देख स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियाँ मौके पर पहुँचीं। संकरी गली और धुएं के गुबार के बीच अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और इसे आसपास की इमारतों में फैलने से रोका।

बेकरी के प्रबंधक गोपाल कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि आग लगने का मुख्य कारण ओवन का फटना है। उन्होंने कहा कि जिस समय हादसा हुआ, उस समय बेकरी के अंदर काफी सामान रखा हुआ था, जो इस अगलगी की भेंट चढ़ गया। प्रबंधक के अनुसार, इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। हालांकि, नुकसान का अभी शुरुआती अनुमान ही लगाया जा रहा है, मलबे की जांच के बाद ही सटीक आंकड़ा स्पष्ट हो पाएगा।

