गोपालगंज: जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव में पिछले दिनों पहुंचे मशहूर मोकामा विधायक अनंत सिंह के स्वागत में उनके समर्थकों द्वारा कानून की धज्जियां उड़ाने का मामला अब तूल पकड़ चुका है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक अश्लील गानों की धुन पर डांस और अवैध हथियार लहराते हुए वीडियो के आधार पर पुलिस ने मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह समेत 9 नामजद और अन्य अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.

वायरल वीडियो से खुलासा
एसपी विनय तिवारी ने बताया कि 4 अप्रैल 2026 को सोशल मीडिया की नियमित निगरानी के क्रम में व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम आदि प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहे कुछ वीडियो एवं तस्वीरें संज्ञान में आईं. सूक्ष्म अवलोकन से यह तथ्य सामने आया कि 2 अप्रैल 2026 एवं 3 अप्रैल 2026 को मीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमराव में गुड्डू राय के आवास पर आयोजित जनेऊ कार्यक्रम में अवैध प्रतिबंधित एवं लाइसेंसी हथियारों का प्रदर्शन कर लहराया गया साथ ही अश्लील नृत्य का प्रसारण किया गया.
हथियारों का प्रदर्शन
एसपी ने कहा कि उक्त कृत्य का वीडियो बनाकर इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से प्रसारित भी किया गया. प्राप्त वीडियो का सत्यापन किया गया. सत्यापन के क्रम में कुछ व्यक्तियों को चिन्हित किया गया, जो अवैध प्रतिबंधित एवं लाइसेंसी हथियार का प्रदर्शन कर रहे थे एवं अश्लील नृत्य में शामिल थे तथा उसका वीडियो बनाकर इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से प्रसारित कर रहे थे.
सांस्कृतिक कार्यक्रम में हथियारों का प्रदर्शन
दरअसल इस संदर्भ में बताया जाता है कि मीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमराव गांव में आयोजित जनेऊ कार्यक्रम में मोकामा विधायक अनंत सिंह शामिल होने पहुंचे थे. कार्यक्रम के दौरान उनके साथ आए समर्थकों और कुछ अन्य लोगों ने भोजपुरी गीतों की धुन पर नर्तकियों के साथ ठुमके लगाए.
विवाद तब खड़ा हुआ जब डांस के दौरान सरेआम हथियारों का प्रदर्शन किया गया. हथियार लहराते हुए नृत्य करने का यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो गया, जिसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया.
प्रशासन की सख्त चेतावनी
गोपालगंज पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार के अवैध अथवा लाइसेंसी हथियार का प्रदर्शन करना, उसका प्रसारण करना, तथा अश्लील नृत्य करना या कराना एवं उसका प्रचार-प्रसार करना दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है. इस प्रकार के कृत्यों से परहेज करें, अन्यथा विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. आमजन से अपील है कि किसी भी आपत्तिजनक अवैध सामग्री को शेयर न करें तथा ऐसी सामग्री की सूचना तत्काल गोपालगंज पुलिस हेल्पलाईन नम्बर-9031827299 पर दें.