भागलपुर: विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद भागलपुर से नवगछिया सहित पूरे सीमांचल क्षेत्र का सड़क संपर्क गंभीर रूप से प्रभावित हो गया है। पुल पर आवागमन पूरी तरह बंद होने से आम जनजीवन के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियाँ भी बुरी तरह बाधित हुई हैं। लोग मजबूरी में नाव और छोटे जहाजों के सहारे गंगा पार कर रहे हैं, जबकि चारपहिया वाहनों और आवश्यक सामानों की आवाजाही लगभग ठप हो गई है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने त्वरित पहल की है। भागलपुर के जिलाधिकारी के प्रयास से कोलकाता से चार मालवाहक जहाज मंगाए गए हैं, जिन्हें तिनटंगा करारी घाट और कहलगांव घाट के बीच संचालित किया जाएगा। इन जहाजों की क्षमता एक बार में 10 से 24 वाहनों तक ले जाने की है, जिससे आवश्यक वस्तुओं और वाहनों के परिवहन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

मालवाहक सेवा शुरू करने की तैयारियों के तहत कोलकाता की शार्क शिपिंग कंपनी के डायरेक्टर मोहम्मद अरशद और तनवीर हसन ने स्थानीय प्रशासन के साथ गंगा तट का निरीक्षण किया।

