प्रेम प्रसंग में उजड़ा परिवार! प्रेमिका के लिए पत्नी बनी बोझ, पति ने बच्चों संग महिला को घर से निकाला

दरभंगा: दरभंगा के बिरौल थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में एक शादीशुदा महिला को पति के दूसरी महिला के साथ चल रहे अवैध संबंध का विरोध करना महंगा पड़ गया। आरोप है कि पति और ससुराल वालों ने महिला के साथ मारपीट कर उसे तीन बच्चों सहित घर से निकाल दिया। पीड़िता का कहना है कि उसके पास मौजूद पैसे और गहने भी ससुराल वालों ने छीन लिए। अब महिला अपने बच्चों के साथ दर-दर भटकने को मजबूर है। मामले को लेकर महिला ने बिरौल थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। आवेदन में पति रामप्रवेश साह, सास, ससुर और ननद को आरोपी बनाया गया है।

पति पर अवैध संबंध का आरोप
पीड़ित महिला रेणु देवी ने बताया कि उसके पति का पड़ोस की एक महिला के साथ पिछले कई महीनों से अवैध संबंध चल रहा है। महिला का आरोप है कि उसका पति अपनी कमाई का अधिकांश पैसा उसी महिला पर खर्च करता है। जब वह इसका विरोध करती है तो पति के साथ-साथ सास, ससुर और ननद भी उसके साथ मारपीट करते हैं।

आर्थिक तंगी से बच्चों की पढ़ाई बंद
महिला ने बताया कि उसके तीन बच्चे हैं, जिनमें बड़ी बेटी 18 वर्ष की है, जबकि दो बच्चे छोटे हैं। परिवार में लगातार हो रहे विवाद और आर्थिक तंगी के कारण बच्चों की पढ़ाई भी बंद हो गई है। पीड़िता ने कहा कि वह अपने बच्चों सहित भुखमरी के कगार पर पहुंच चुकी है।

पंचायत में भी नहीं सुलझा मामला
रेणु देवी के अनुसार, ससुराल वाले यह कहकर उसे घर में रखने से इनकार कर रहे हैं कि उसके पति रामप्रवेश साह ने दूसरी शादी कर ली है। महिला ने बताया कि ससुराल से निकाले जाने के बाद उसने अपने मायके वालों को बुलाकर पंचायत के माध्यम से मामले को सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन पंचायत के सामने भी उसके साथ मारपीट कर उसे भगा दिया गया।


पुलिस जांच में जुटी

थक-हारकर महिला ने बिरौल थाना पहुंचकर पति सहित सास, ससुर और ननद के खिलाफ आवेदन दिया है। इस संबंध में बिरौल थानाध्यक्ष चंद्रमणी ने बताया कि महिला के आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading