मुजफ्फरपुर : पुलिस की गश्ती व्यवस्था को धता बताकर बेखौफ बदमाशों ने हथियार के बल पर सरेशाम मिठनपुरा थाना क्षेत्र के हरिसभा चौक से सटे मुर्खजी सेमिनरी गली में एक महिला के गले से सोने की चेन आधारित मंगलसूत्र लूट लिए। घटना का विरोध जताने पर बदमाशों ने महिला पर पिस्टल तानकर गोली मार देने की धमकी दी। शोर मचाने का प्रयास किया कि दोनों बदमाश बाइक पर सवार होकर राधा कृष्ण मंदिर गली की ओर भाग निकले। इसके बाद महिला मौके पर ही विलाप करने लगी।

घटना की जानकारी के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर परिवार के लोग भी पहुंचे। इसके बाद डायल-112 को सूचना दी गई। सूचना के बाद भी देर से पुलिस के पहुंचने पर लोगों ने नाराजगी जताई। लोगों ने पुलिस के नहीं पहुंचने के बाद वरीय पुलिस पदाधिकारी को काल किया, लेकिन रिसीव नहीं किया गया। इसी बीच पुलिस वहां पहुंची। इसके बाद छानबीन की। आसपास में लगे सीसी कैमरे को खंगालकर बदमाशों की पहचान व गिरफ्तारी की कवायद में पुलिस जुटी है।

छानबीन के दौरान छोटी कल्याणी इलाके की रहने वाली अमरनाथ साह की पत्नी सुमित्रा देवी ने बताया कि पतोहू के मौसी के यहां शादी समारोह में उन्हें जाना था। भीड़ भाड़ के कारण उनकी गाड़ी मुखर्जी सेमिनरी गली में पार्क किया गया था।छोटी कल्याणी से वह अपने पतोहू के साथ सोमवार की शाम पैदल आ रही थी। इसी क्रम में मुखर्जी सेमिनरी गली के टर्निंग पर दो बदमाश को आगे-पीछे करते देख उन्हें डर लगा।

लेकिन उनके साथ छिनतई की घटना होगी, यह पता नहीं था। जैसे ही वह अपनी गाड़ी के पास पहुंची ही कि एक बाइक पर सवार दो बदमाश उनके नजदीक पहुंचा। बाइक सवार एक बदमाश उतरकर उनके गले से सोने की चेन आधारित मंगलसूत्र लूट लिया।
पाकेट में रखकर गाड़ी पर बैठने लगा। वह जब अपने मंगलसूत्र मांगी तो पाकेट से पिस्टल निकालकर गोली मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद दोनों बदमाश बाइक से फरार हो गए। सुमित्रा ने बताया कि उनके गले में एक अन्य गिलट का भी चेन था, लेकिन उसे बदमाश नहीं लिया। घटना के दौरान वह कुछ देर तक छटपटाती रही, लेकिन आवाजाही करते किसी ने कुछ नहीं सुनी।
छिनतई के दौरान उनके गले में गहरे जख्म हो गया। सुमित्रा ने मंगलसूत्र की कीमत पांच लाख रुपये बतायी है। बताया कि पार्टी को लेकर वह गहने पहन कर निकली थी। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि सीसी कैमरे को खंगालकर बदमाशों की पहचान व गिरफ्तारी की कवायद की जा रही है।