पटना में फिर आंधी-बारिश की चेतावनी, 6 जिलों में मौसम विभाग का रेड अलर्ट जारी

बिहार : बिहार में एक बार फिर आंधी, बारिश का दौर शुरू होने जा रहा है। मौसम विभाग ने राजधानी पटना समेत 6 जिलों में बुधवार 13 मई की रात को रेड अलर्ट जारी किया है। पटना के अलावा मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण (मोतिहारी), बक्सर, भोजपुर और वैशाली जिले में कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ बरसात होने, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। यह रेड अलर्ट बुधवार रात तक के लिए है। इसके अलावा कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।

पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने तात्कालिक पूर्वानुमान जारी कर गोपालगंज, पश्चिम चंपारण, सारण और सीवान जिले मे भी येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार रात को उत्तर पश्चिम बिहार के मोतिहारी, बेतिया, गोपालगंज, छपरा, सीवान आदि जिलों में कई जगहों पर तेज बारिश हो सकती है। वहीं, दक्षिण पश्चिम बिहार और पटना समेत आसपास के जिलों में भी तेज बारिश की आशंका है। उत्तर मध्य बिहार और दक्षिण पूर्व बिहार के जिलों में कुछएक जगहों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश के आसार हैं।

पटना के सभी प्रखडों में रेड अलर्ट

पटना जिले के अथमलगोला, खुसरूपुर, घोसवरी, दनियावां, दानापुर-खगौल, दुल्हिन बाजार, धनरुआ, नौबतपुर, पंडारक, पटना ग्रामीण, पुनपुन, पालीगंज, फतुहा, फुलवारी, बख्तियारपुर, बाढ़, विक्रम, बिहटा, बेलछी, मनेर, मसौढ़ी, मोकामा और संपतचक समेत सभी प्रखंडों मे बुधवार रात मौसम बिगड़ने की आशंका है। इसी तरह मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) के सभी 27 प्रखंडों में रेड अलर्ट है। मुजफ्फरपुर, भोजपुर, बक्सर और वैशाली जिले में भी अधिकांश इलाकों में मौसम खराब रहने की आशंका है।

खराब मौसम में लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है। आंधी, बारिश और मेघगर्जन होने पर खुले स्थान में ना रहें, पक्के मकान की शरण लें। ऊंचे पेड़ और बिजली के पोल से भी दूरी बनाए रखें, इन पर वज्रपात होने का खतरा ज्यादा रहता है। किसानों से भी मौसम सामान्य होने पर ही खेतों में जाने की अपील की गई है।

40 डिग्री के पार पहुंचा तापमान

बीते 24 घंटे में आंधी-बारिश का दौर कम होने के बाद बिहार में तपिश फिर से बढ़ गई। बुधवार को 40.6 डिग्री सेल्सियस के साथ भभुआ सबसे गर्म रहा। राजधानी पटना में दिन का पारा 35.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बक्सर, रोहतास, गयाजी, शेखपुरा, मोतिहारी, वाल्मीकि नगर जैसे शहरों में भी पारा 35 डिग्री के ऊपर रहा। बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू होने के बाद तापमान में फिर से गिरावट आ सकती है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading