वंदे भारत का एक स्टेशन और बढ़ा, पुणे वाली स्पेशल ट्रेन दो दिन रद्द; कहां हो रहा स्पीड ट्रायल

बिहार : समस्तीपुर-दरभंगा दोहरीकरण परियोजना के तहत नवनिर्मित 12 किलोमीटर लंबे रामभद्रपुर-थलवारा रेलखंड पर 14 मई 2026 को स्पीड ट्रायल और संरक्षा आयुक्त (रेलवे), पूर्वी परिमंडल, कोलकाता द्वारा निरीक्षण किया जाएगा। रेल प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि ट्रायल और निरीक्षण के दौरान रेलवे लाइन से दूर रहें। किसी भी प्रकार की दुर्घटना होने पर रेल प्रशासन जिम्मेदार नहीं होगा।

38 किलोमीटर लंबी समस्तीपुर-दरभंगा दोहरीकरण परियोजना में अब तक 26 किलोमीटर रेलखंड का दोहरीकरण और कमीशनिंग पूरी की जा चुकी है। अब रामभद्रपुर-थलवारा खंड का कार्य भी पूरा हो गया है, जिसका सीआरएस निरीक्षण गुरुवार को होगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह रेलखंड मिथिलांचल क्षेत्र में यात्री और माल परिवहन के लिए काफी महत्वपूर्ण है। इससे दरभंगा, मधुबनी, जयनगर समेत आसपास के क्षेत्रों की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। साथ ही कृषि उत्पादों के परिवहन को भी गति मिलेगी। दोहरीकरण कार्य पूरा होने के बाद समस्तीपुर और दरभंगा के बीच डीएमयू सेवाओं की यात्रा अवधि कम होगी। रेलखंड पर भीड़भाड़ घटेगी और अधिक ट्रेनों के परिचालन का रास्ता खुलेगा। मुक्तापुर, लहेरियासराय, दरभंगा और तारसराय स्थित माल गोदामों में माल ढुलाई बढ़ने की संभावना जताई गई है।

पुणे स्पेशल ट्रेन दो दिन रद्द
इधर, पुणे मंडल में दौंड-मनमाड दोहरीकरण परियोजना के तहत अकोलनेर-अहमदनगर-निंबलक रेलखंड पर एनआई कार्य के कारण दो विशेष ट्रेनों का परिचालन रद्द कर दिया गया है। गाड़ी संख्या 01449 पुणे-दानापुर स्पेशल तथा 01450 दानापुर-हडपसर (पुणे) स्पेशल 16 और 17 मई 2026 को रद्द रहेंगी।

वंदे भारत का एक स्टेशन और बढ़ा
यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर दानापुर मंडल के जमुई स्टेशन पर गाड़ी सं. 22347/22348 हावड़ा-पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस का दिनांक 15.05.2026 से प्रायौगिक तौर पर 02 मिनट का ठहराव प्रदान करने का निर्णय लिया गया है ।  दिनांक 15.05.2026 से गाड़ी सं. 22347 हावड़ा-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस 20.05 बजे जमुई स्टेशन पहुंचेगी और 20.07 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी । इसी तरह 22348 पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस 09.49 बजे जमुई स्टेशन पहुंचेगी और 09.51 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी ।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading