बिहार में ईंधन बचत अभियान शुरू! मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पैदल पहुंचे आवास से सचिवालय, तेज धूप में पेश की मिसाल

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ईंधन बचाने को लेकर एक अनोखी पहल की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील को जमीन पर उतारते हुए शुक्रवार को सम्राट चौधरी अपने लोक सेवक आवास से पैदल ही मुख्यमंत्री सचिवालय पहुंचे। उन्होंने आम लोगों और जनप्रतिनिधियों से भी पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने तथा सार्वजनिक परिवहन के अधिक इस्तेमाल की अपील की है।

वहीं इसी सप्ताह मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि डीजल और पेट्रोल की बचत के लिए राज्य सरकार ने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री काफिले में वाहनों की संख्या कम करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही मंत्रियों, निगम-बोर्ड के अध्यक्षों, सदस्यों और जनप्रतिनिधियों से सार्वजनिक कार्यक्रमों में बिना अतिरिक्त वाहनों के पहुंचने की अपील की गई है।

पब्लिक ट्रांसपोर्ट का करें प्रयोग 

राज्य सरकार ने आम जनता से भी मेट्रो, बस, ऑटो और अन्य पब्लिक ट्रांसपोर्ट का अधिक से अधिक उपयोग करने का आग्रह किया है। इसके अलावा सभी सरकारी विभागों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठकों और कॉन्फ्रेंस आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अनावश्यक यात्रा और ईंधन की खपत कम हो सके।

‘नो व्हीकल डे’ का आह्वान

मुख्यमंत्री ने सरकारी दफ्तरों में संचालित होने वाले कैटीन में पाम ऑयल का कम से कम उपयोग करने का निर्देश भी दिया है। वहीं सरकारी और निजी कार्यालयों में वर्क फ्रॉम होम की संस्कृति को बढ़ावा देने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही सप्ताह में एक दिन ‘नो व्हीकल डे’ मनाने का भी आह्वान किया गया है।

पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ी 

सम्राट चौधरी की पैदल चलकर कार्यालय जाने की यह पहल ऐसे समय में सामने आई है, जब देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। केंद्र सरकार ने शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3-3 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की घोषणा की। राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 97.77 रुपये प्रति लीटर और डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है। मुंबई में पेट्रोल 106.68 रुपये और डीजल 93.14 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। कोलकाता में पेट्रोल 108.74 रुपये और डीजल 95.13 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है, जबकि चेन्नई में पेट्रोल 103.67 रुपये और डीजल 95.25 रुपये प्रति लीटर हो गया है। बढ़ती वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों के बीच ईंधन महंगा होने से आम लोगों पर महंगाई का बोझ बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading