बिहार : बिहार के लिए यह गर्व का क्षण है जब 6 बिहार बटालियन एनसीसी के होनहार कैडेट अभिषेक कुमार ने अरुणाचल प्रदेश की 6400 मीटर ऊंची गोरिचेन ग्लेशियर चोटी को सफलतापूर्वक फतह कर लिया। बर्फ से ढकी यह कठिन और दुर्गम चोटी केवल साहस और मजबूत इच्छाशक्ति वाले पर्वतारोहियों के लिए ही संभव मानी जाती है, लेकिन अभिषेक ने अपने जज्बे से इसे हकीकत में बदल दिया।

यह उपलब्धि केवल एक व्यक्तिगत सफलता नहीं बल्कि पूरे बिहार और एनसीसी परिवार और गयाजी के लिए सम्मान की बात है। वर्तमान में वे अरुणाचल प्रदेश में आयोजित एडवांस माउंटेनियरिंग कैंप में प्रशिक्षण ले रहे हैं, जहां उन्हें उच्च स्तरीय पर्वतारोहण तकनीक और कठिन परिस्थितियों में जीवित रहने की ट्रेनिंग दी जा रही है। इससे पहले उन्होंने निमास (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड एडवेंचर स्पोर्ट्स) से बेसिक माउंटेनियरिंग कोर्स भी सफलतापूर्वक पूरा किया था।


