पटना: राजधानी पटना में लगातार बढ़ रही गर्मी और चिलचिलाती धूप को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों के लिए नया निदेश जारी किया है. जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी स्कूलों में कक्षा आठवीं तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर सुबह 11 बजे के बाद रोक लगा दी गई है. यह आदेश 18 मई से 21 मई 2026 तक प्रभावी रहेगा.

पटना में स्कूलों की टाइमिंग बदली
जिला दंडाधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि जिले में इन दिनों अत्यधिक तापमान और भीषण गर्मी पड़ रही है. विशेष रूप से दोपहर के समय गर्म हवाओं और तेज धूप का बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है. ऐसे मौसम में छोटे बच्चों के बीमार पड़ने और लू लगने का खतरा बढ़ जाता है. इसी को देखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा-163 के तहत यह आदेश जारी किया गया है.
8वीं तक की कक्षाओं पर 11 बजे के बाद रोक
पटना जिलाधिकारी के अनुसार जिले के सभी सरकारी, गैर सरकारी, प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में आठवीं तक की कक्षाएं एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियां सुबह 11 बजे के बाद संचालित नहीं की जाएंगी. हालांकि विद्यालय प्रबंधन को यह छूट दी गई है कि वे अपने स्तर से समय में बदलाव कर सुबह की पाली में कक्षाओं का संचालन कर सकते हैं.

बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए निर्णय
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यह कदम पूरी तरह बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर उठाया गया है. गर्मी के कारण बच्चों में डिहाइड्रेशन, चक्कर आने और थकावट जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं. मौसम विभाग की ओर से भी अगले कुछ दिनों तक तापमान में और वृद्धि होने की संभावना जताई गई है. ऐसे में जिला प्रशासन किसी प्रकार का जोखिम नहीं लेना चाहता. जारी आदेश की प्रति वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस और अन्य संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई है. साथ ही सभी विद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि वे आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें.

पटना में बढ़ी गर्मी
असल में बिहार के कई जिलों में इस समय भीषण गर्मी और लू जैसी स्थिति बनी हुई है. दोपहर के समय सड़कों पर लोगों की आवाजाही भी कम हो रही है. ऐसे में स्कूलों के समय में बदलाव से बच्चों को राहत मिलेगी. पटना जिला प्रशासन के इस फैसले के बाद अब संभावना जताई जा रही है कि यदि गर्मी का प्रकोप इसी तरह जारी रहा तो आने वाले दिनों में आदेश की अवधि बढ़ाई भी जा सकती है. फिलहाल जिला प्रशासन लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
