मुजफ्फरपुर : 50 लाख से अधिक के जेवर संग चोर व खरीदार गि’रफ्तार

मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र में करीब पांच महीने पहले नंदू बैठा के घर हुई भीषण चोरी के मामले का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल एक शातिर चोर रंजीत सहनी को गिरफ्तार किया। चोर की निशानदेही पर शनिवार की रात एक स्वर्ण व्यवसायी के घर झपहां में बड़ी छापेमारी की गई।

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चोरी के खरीदे गए तकरीबन 50 लाख से अधिक रुपये मूल्य के सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए। चोरी के गहने खरीदने के आरोप में स्वर्ण व्यवसायी के पुत्र विशाल कुमार को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस छापेमारी कर रही है।

गिरफ्तारी की प्रक्रिया

जानकारी के मुताबिक, शनिवार को अहियापुर पुलिस ने चोरी के मामले में रंजीत सहनी को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार चोर ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दर्जनों चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसने चोरी के आभूषणों को खपाने को लेकर चौंकाने वाले खुलासे भी किए।

चोर रंजीत सहनी ने पुलिस को बताया कि वह चोरी के दौरान मिलने वाले तमाम सोने-चांदी के आभूषणों को आधे दाम पर अहियापुर थाना क्षेत्र के एक आभूषण दुकान के मालिक विशाल कुमार और उसके पिता के हाथों बेच देता था। चोर से मिली इस जानकारी के बाद पुलिस ने स्वर्ण कारोबारी के घर पर छापेमारी की। बरामद आभूषणों से संबंधित वैध कागजात की मांग की तो स्वर्ण कारोबारी का परिवार कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका।

न्यायिक हिरासत

गिरफ्तार चोर और स्वर्ण कारोबारी के पुत्र विशाल कुमार से पूछताछ के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading