मधुबनी में लोको पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा ट्रेन हा’दसा, रेलवे ट्रैक पर बाइक फंसने से मची अफरा-तफरी

मधुबनी : जयनगर से पटना जाने वाली ट्रेन संख्या 15549 इंटरसिटी एक्सप्रेस के साथ मधुबनी के खजौली के पास बड़ा हादसा होते-होते बच गया। यह घटना रेलवे गुमटी संख्या 22 के पास हुई, जब एक बाइक चालक रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश कर रहा था।

जानकारी के अनुसार, बाइक चालक छोटी राही गांव से बड़ी राही गांव जाने के लिए रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। उसी समय जयनगर से पटना जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस वहां पहुंच गई। ट्रेन के चालक सुशील कुमार और सहायक चालक दिपेश कुमार की नजर अचानक ट्रैक पार कर रहे बाइक चालक पर पड़ी। इसके बाद चालक ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाया।

हालांकि ट्रेन बाइक के काफी नजदीक पहुंच चुकी थी। इस दौरान बाइक ट्रेन के इंजन में फंस गई। ट्रेन को रुकने के बाद इंजन में फंसी बाइक को निकाला गया और गुमटी के पास रख दिया गया। इस पूरी प्रक्रिया में ट्रेन करीब 15 मिनट तक रुकी रही। बाद में ट्रेन को फिर से रवाना किया गया।

बताया जा रहा है कि ट्रेन को आता देख बाइक चालक अपनी बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही जयनगर आरपीएफ के एएसआई राज कुमार सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। इस घटना के बाद इलाके में काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही। रेलवे की तरफ से लोगों से अपील की गई है कि रेलवे ट्रैक पार करते समय पूरी सावधानी बरतें और जल्दबाजी में अपनी जान जोखिम में न डालें।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading