मुजफ्फरपुर के सेंट जेवियर्स स्कूल में चल रहे दो दिवसीय अंतर-विद्यालय तैराकी प्रतियोगिता का हुआ समापन

मुजफ्फरपुर: शहर के गौशाला रोड स्थित सेंट जेवियर्स जूनियर/सीनियर स्कूल के प्रांगण में आयोजित दो दिवसीय अंतर-विद्यालय तैराकी प्रतियोगिता 2026 का आज उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। प्रतियोगिता में मुजफ्फरपुर के करीब 15 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न आयु वर्गों में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन तैराकों में विशेष उत्साह देखने को मिला और प्रतिभागियों ने बेहतर प्रदर्शन के लिए पूरी मेहनत के साथ मुकाबला किया।

प्रतियोगिता के दौरान अलग-अलग आयु वर्गों में शानदार प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सर्वश्रेष्ठ तैराक के रूप में चुना गया। अंडर-6 बालक वर्ग में सेंट जेवियर्स किंडरगार्टेन, मुजफ्फरपुर के सैलवेशन जोशुवा, जबकि अंडर-6 बालिका वर्ग में आर.पी.एस. स्कूल की नित्या सिन्हा विजेता रहीं। अंडर-10 बालक वर्ग में डी.पी.एस. मुजफ्फरपुर के आरव राय और अंडर-10 बालिका वर्ग में सेंट जेवियर्स जूनियर/सीनियर स्कूल की आद्या सिन्हा ने बेहतर प्रदर्शन किया।

इसी तरह अंडर-14 बालक वर्ग में स्वीमफिट एकेडमी के अक्षय प्रथम तथा सेंट जेवियर्स जूनियर/सीनियर स्कूल के सरस चंद्रा रहे। अंडर-14 बालिका वर्ग में अंबिका कश्यप ने पहला स्थान हासिल किया। अंडर-16 बालक वर्ग में सेंट जेवियर्स जूनियर/सीनियर स्कूल के अरिहंत जगदीश चौधरी तथा अंडर-16 बालिका वर्ग में सेंट जेवियर इंटरनेशनल स्कूल, बैरिया की अपर्णा भारद्वाज सर्वश्रेष्ठ तैराक रहीं। वहीं अंडर-18 बालक वर्ग में स्वीमफिट एकेडमी के प्रांजल प्रियदर्शी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता में विद्यालय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन देखने को मिला। सेंट जेवियर्स जूनियर/सीनियर स्कूल, मुजफ्फरपुर ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। सेंट जेवियर्स किंडरगार्टेन स्कूल, मुजफ्फरपुर दूसरे स्थान पर रहा, जबकि सेंट जेवियर इंटरनेशनल स्कूल, मुजफ्फरपुर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा डी.पी.एस. मुजफ्फरपुर ने भी प्रतियोगिता में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।

समापन अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती आशा किरण सिन्हा ने सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ विभिन्न खेलों में भी सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेलों से शरीर के साथ-साथ मन भी स्वस्थ रहता है और इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और आपसी सहयोग की भावना विकसित होती है।

अभिभावकों को संबोधित करते हुए प्राचार्या ने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के चहुँमुखी विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ खेल, संगीत और अन्य क्षेत्रों में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

वहीं विद्यालय के संयुक्त निदेशक आमोद कुमार दत्त ने सभी प्रतिभागी विद्यालयों के बच्चों के बीच पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले शिक्षकों, कर्मचारियों और सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सभी इंचार्ज, शिक्षकगण एवं अन्य सहयोगी कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी तैराकी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना को मजबूत करने का अवसर भी प्रदान किया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading