बांका में मिलावटी खाद्यान्न का बड़ा खेल उजागर: पानी में भीगते ही ‘प्लास्टिक’ बनी सूजी

बांका: जिले के अमरपुर बाजार और उसके आसपास के इलाकों में मिलावटी खाद्यान्न की बिक्री का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने स्थानीय प्रशासन से लेकर आम जनता तक को हिलाकर रख दिया है। बाजार की दुकानों में खुलेआम मिलावटी और नकली खाद्य सामग्री बेची जा रही है, जो सीधे तौर पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ है। यह पूरा मामला गुरुवार को उस समय खुलकर सामने आया जब प्रखंड के भिखनपुर गांव में एक महिला द्वारा बाजार से खरीदी गई सूजी पानी में भिगोने के बाद अचानक प्लास्टिक जैसी रबरनुमा सामग्री में तब्दील हो गई।

घटना के संबंध में भिखनपुर गांव की रहने वाली अनीता देवी ने बताया कि करीब छह दिन पहले उन्होंने अमरपुर बंगाली टोला स्थित ‘शशि किराना स्टोर’ से ढाई किलो सूजी खरीदी थी। गुरुवार की सुबह जब उन्होंने घर में इडली बनाने के उद्देश्य से सूजी को पानी में भिगोया, तो कुछ ही देर बाद सूजी का रंग-रूप बदल गया और वह बिल्कुल प्लास्टिक की तरह खिंचने लगी। हैरान होकर जब महिला ने उस सूजी के टुकड़े को आग में जलाकर देखा, तो उसमें से हूबहू प्लास्टिक जलने जैसी तेज दुर्गंध आने लगी, जिससे मिलावट की बात साफ हो गई।

एसडीएम के निर्देश पर अधिकारियों की दौड़, दुकानों की जांच में उलझा मामला

इस अजीबोगरीब वाकये की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ महिला के घर पर जमा हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने तुरंत इसकी लिखित सूचना बांका एसडीएम को दी। एसडीएम के निर्देश पर एडीसीओ उमाकांत शर्मा और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी रविन्द्र शर्मा जांच टीम के साथ भिखनपुर गांव पहुंचे। महिला के आवेदन पर टीम ने बंगाली टोला के ‘शशि किराना स्टोर’ पर छापा मारा, जहां के संचालक भरत साह ने सूजी बेचने की बात तो मानी, लेकिन कहा कि उन्होंने यह माल वहीं के ‘लक्ष्मी ओम भंडार’ से खरीदा था। हालांकि, जब अधिकारी लक्ष्मी ओम भंडार पहुंचे, तो वहां के संचालक प्रिंस कुमार ने इस दुकान को सूजी बेचने के दावे को सिरे से खारिज कर दिया, जिससे पूरा मामला बेहद संदिग्ध हो गया है।

जांच अधिकारी ने कहा— खाद्यान्न में मिलावट गंभीर अपराध, उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी रिपोर्ट

मौके पर मौजूद एडीसीओ उमाकांत शर्मा ने सख्त लहजे में कहा कि खाद्यान्न में इस तरह की मिलावट करना एक गंभीर और दंडनीय अपराध है। विभाग इस मामले की सघन जांच कर रहा है और इसकी विस्तृत रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी, जिसके बाद आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। दूसरी तरफ, स्थानीय ग्रामीण अमिताभ शर्मा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अमरपुर बाजार में काफी समय से मिलावटी खाद्यान्न, नकली मसाले, मिलावटी तेल और ब्रांडेड कंपनियों की नकली पैकिंग वाले उत्पादों का अवैध कारोबार धड़ल्ले से फल-फूल रहा है। उन्होंने अपना उदाहरण देते हुए बताया कि कुछ दिन पूर्व कजरैली बाजार में समोसा खाने के बाद उनकी तबीयत इतनी बिगड़ी कि अब तक उनका इलाज चल रहा है।

पैक्स अध्यक्ष और जनप्रतिनिधियों ने जताई गहरी चिंता, आंदोलन की चेतावनी

इस बड़ी लापरवाही और धोखाधड़ी को लेकर भिखनपुर पंचायत के पैक्स अध्यक्ष श्रीनारायण शर्मा सलिल, पूर्व पैक्स अध्यक्ष सच्चिदानंद शर्मा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। उनका कहना है कि चंद पैसों के मुनाफे और लालच के चक्कर में कुछ बेईमान दुकानदार लोगों की जिंदगी को दांव पर लगा रहे हैं। ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे अमरपुर बाजार में बड़े पैमाने पर एक विशेष गुप्त जांच अभियान चलाया जाए, ताकि ऐसे मिलावटखोर दुकानदारों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जा सके और उनके लाइसेंस रद्द किए जाएं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading