राजद के प्रदेश महासचिव रघुवर राय की हत्या के विरोध में शुक्रवार को समस्तीपुर शहर बंद रहा। इस दौरान बंदी का मिला-जुला असर देखा गया। शहर के ओवरब्रिज चौराहे पर महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर यातायात बाधित कर दिया। दर्जनों वाहन अपनी-अपनी जगह लगे रहे। शहर के बस स्टैंड से बस नहीं खुली। समस्तीपुर- रोसड़ा पथ को जितवारपुर चौक के पास राजद कार्यकर्ताओं ने जाम कर दिया।

इस दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर आगजनी की। जाम के कारण बाइक सवार लोग इधर-उधर से किसी तरह अपने गंतव्य तक पहुंचने की कोशिश में लगे रहे। जाम के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दूसरी तरफ कल्याणपुर के विभिन्न चौक-चौराहे को लोगों ने जाम कर दिया। इस कारण दरभंगा से वाहनों का समस्तीपुर की ओर आना पूरी तरह बाधित हो गया।
इधर, देर शाम मृत राजद नेता रघुवर राय की पत्नी कविता देवी के बयान पर कल्याणपुर थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें तीन को अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी में जुट गई है
