मधुबनी: बिहार के मधुबनी रेलवे स्टेशन पर गुरुवार की सुबह जयनगर-उधना एक्सप्रेस ट्रेन (गाड़ी संख्या 22563) के एक जनरल कोच में शॉर्ट सर्किट की वजह से भीषण आग लग गई. प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर खड़ी ट्रेन की जनरल बोगी पूरी तरह जलकर खाक हो गई. गनीमत रही कि ट्रेन रखरखाव के लिए खड़ी थी और उसमें कोई यात्री नहीं था.

खाली ट्रेन में लगी आग, बोगी जलकर राख
ट्रेन पिछले दो दिनों से स्टेशन पर रखरखाव के लिए खड़ी थी. सुबह अचानक जनरल कोच से काला धुआं और ऊंची लपटें उठने लगी. स्टेशन पर मौजूद लोगों ने देखते ही स्टेशन मास्टर को सूचना दी. स्टेशन मास्टर ने तुरंत फायर ब्रिगेड को बुलाया, लेकिन तब तक आग ने बोगी के बड़े हिस्से को बरबाद कर दिया था.

दमकल की गाड़ियों ने आग पर पाया काबू
स्थानीय लोगों और रेलवे कर्मचारियों की सूचना पर दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंची. फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. घटना के समय स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन किसी भी यात्री या स्टाफ को नुकसान नहीं पहुंचा.
डीआरएम ने लिया मौके पर जायजा
समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा स्पेशल ट्रेन से मधुबनी पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली. डीआरएम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच समिति गठित करने की घोषणा की है.

मधुबनी स्टेशन पर पहली बार नहीं हुई घटना
यह मधुबनी रेलवे स्टेशन पर आग लगने की पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी शॉर्ट सर्किट के कारण स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में आग लग चुकी है. बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं से यात्री और स्थानीय लोग रेलवे प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं.

रेलवे की सुरक्षा पर उठे सवाल
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट ही आग का कारण सामने आया है. पूरी घटना की जांच के बाद विस्तृत रिपोर्ट जारी की जाएगी. फिलहाल मधुबनी स्टेशन पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

