पटना: बिहार में तेज बारिश और वज्रपात का कहर जारी है. पटना मौसम विभाग ने राज्य के 32 जिलों में भारी बारिश, आंधी और वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में लोगों से घरों से बाहर न निकलने और खेतों में न जाने की अपील की गई है, जबकि 6 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.

बिहार के इन 32 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
जिन जिलों में ऑरेज अलर्ट जारी किया है, उनमें पटना, सारण, सिवान, मुजफ्फरपुर, वैशाली, जहानाबाद, नालंदा, औरंगाबाद, गया, नवादा, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, खगड़िया, बेगूसराय, भागलपुर, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, गोपालगंज, जमुई, बांका, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सुपौल, सहरसा, पश्चिम चंपारण और पूर्वी चंपारण शामिल है.

बिहार के इन 6 जिलों में येलो अलर्ट
साथ ही, पटना मौसम विभाग ने बिहार के 6 जिलों में आंधी और मध्यम बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. जिनमें रोहतास, कैमूर, अरवल, औरंगाबाद, बक्सर और भोजपुर शामिल हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, इन इलाकों में तेज हवाएं चलेंगी.

घरों से बाहर न निकलने की सलाह
पटना मौसम विभाग ने इन 32 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है. साथ ही लोगों से सावधानी बरतने की सलाह दी है. पटना मौसम विभाग के मुताबिक, खराब मौसम के बीच किसानों को खेत में न जाने की सलाह दी गई है.

आज पटना का कैसा रहेगा मौसम?
पटना मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के अनुसार, आज राजधानी और आसपास के इलाकों में दोपहर बाद झमाझम बारिश की संभावना है. 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी भी चलेगी. एक बार फिर से 4 से 5 डिग्री तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी.

अगले 7 दिन, कैसा रहेगा मौसम?
पटना मौसम विभाग ने बताया कि बिहार में अगले सात दिन लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. प्री-मानसून की बौछारें लोगों को राहत देंगी, आसमान में बादलों का डेरा देखने को मिलेगा. हालांकि उमस वाली गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है.

बिहार में कब दस्तक देगा मानसून?
आईएमडी अलर्ट के मुताबिक, बिहार में प्री मानसून सक्रिय हो चुका है. ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि जून के पहले हफ्ते से राज्य के कई क्षेत्रों में झमाझम बारिस का दौर देखने को मिलेगा. वहीं 12 जून से 18 जून के बीच दक्षिण-पश्चिम की बिहार में एंट्री होगी. वैज्ञानिकों की माने तो बंगाल की खाड़ी में अगर सब कुछ ठीक रहता है तो मानसून तय समय से बिहार में दस्तक देगा.