अंधविश्वास और अ’वैध संबंध में वृद्ध की ह’त्या, 72 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा; महिला समेत तीन गि’रफ्तार

औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले के गोह प्रखंड के बंदेया थाना क्षेत्र में वृद्ध की हत्या के मामले का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, अंधविश्वास और अवैध संबंध के कारण वृद्ध की हत्या की गई थी। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

दाउदनगर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अशोक कुमार दास ने मंगलवार दोपहर बताया कि 14 अगस्त को बंदेया थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि साव बिगहा नहर के किनारे एक वृद्ध व्यक्ति का गला कटा शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। मृतक की पहचान अरवल जिले के करपी थाना क्षेत्र के पांचकेसर गांव निवासी जनेश्वर बिंद के रूप में हुई। पहचान के बाद पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव का औरंगाबाद सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया।

एसपी ने गठित की थी एसआईटी
मामले में पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत बंदेया थाना में कांड संख्या 93/26 दर्ज किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने दाउदनगर एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी गठित की और हत्याकांड का जल्द खुलासा करने का निर्देश दिया।

पहले एक संदिग्ध को किया गिरफ्तार
एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन, तकनीकी विश्लेषण और आसूचना संकलन के आधार पर एक संदिग्ध लालकेश्वर रविदास को गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र के केरा गांव से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर के दालान से हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार (हसुली) बरामद किया।

पूछताछ में सामने आया हत्या का राज
पुलिस के अनुसार, लालकेश्वर रविदास ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया। उसने बताया कि उसने अपने दो साथियों रामाशीष दास और एक महिला के साथ मिलकर वृद्ध की हत्या की थी। घटना के दौरान रामाशीष दास ने मृतक के हाथ-पैर पकड़े थे, जबकि लालकेश्वर ने हसुली से उसका गला रेत दिया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.