बाल-बाल बचे JDU नेता के बच्चे, छत पर बना रहे थे रील..अचानक गिरी आकाशीय बिजली

गया: बिहार के गया जिले में तीन बच्चों की जान बाल-बाल बची. तीनों बच्चे अपने घर की छत पर बरसात के मौसम में रील बना रहे थे. अचानक वज्रपात हुआ, जो रामनवमी में लगाए गए बजरंगबली के झंडे पर गिरा. पास में खड़े बच्चे पूरी तरह सुरक्षित रहे. घटना का लाइव वीडियो मोबाइल में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

जदयू नेता के घर पर हुई घटना

यह घटना जदयू नेता के घर पर घटी. युवा जदयू के वजीरगंज प्रखंड अध्यक्ष रंजीत पांडे के दो बेटे और एक भतीजा अपने घर की छत पर खेल रहे थे. खेलते-खेलते वे रील बनाने में भी जुटे हुए थे. रिमझिम बारिश हो रही थी. तभी छत पर समीप में वज्रपात हुआ.

बजरंगबली के झंडे पर गिरी आकाशीय बिजली

वज्रपात उसी स्थान पर हुआ, जहां बच्चे रील बना रहे थे. जोर की आवाज और बिजली की चमक के साथ वज्रपात हुआ. बच्चे थोड़ी दूर पर मग्न थे और उन्हें एक खरोच तक नहीं आई.

परिजनों में फैली दहशत

वज्रपात की तेज आवाज सुनकर छत के नीचे बैठे परिजन सहम गए. सभी डर के मारे छत पर पहुंचे. तीनों बच्चे सुरक्षित मिले, तो सभी ने राहत की सांस ली. जदयू नेता के पुत्र प्रिंस कुमार, प्रदीप कुमार और उनका एक भतीजा पूरी तरह सुरक्षित थे.

वीडियो में कैद हुआ लाइव वज्रपात

लाइव वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक बच्चा मोबाइल से रिकॉर्डिंग कर रहा है, जबकि दो बच्चे शूटिंग में व्यस्त हैं. रील बनाने के दौरान ही यह घटना हुई. आकाशीय बिजली चमकते ही सभी सहम गए.

क्या बोले जेडीयू नेता
 रंजीत पांडे ने बताया कि उनका घर वजीरगंज थाना बाजार के भारत माता गली में है. उनके दो बेटे और एक भतीजा छत पर रील बना रहे थे. अचानक तेज आवाज के साथ वज्रपात हुआ. भगवान की कृपा से बच्चों को कुछ नहीं हुआ. रामनवमी में लगाया गया बजरंगबली का ध्वज बिजली का निशाना बना.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.