बिहार में बढ़ रहे क्राइम को लेकर बयानबाजी का दौर थम नहीं रहा है. सत्ता पक्ष और विपक्ष में खूब वार पलटवार हो रहा है. बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक बार फिर से नीतीश कुमार की सरकार को निशाने पर लिया है. तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार को आतंकराज कहा है. तेजस्वी यादव ने बिहार में लूट, हत्या और बलात्कार जैसी घटनाओं पर नीतीश कुमार को टारगेट किया है.
तेजस्वी यादव ने अपने ट्विटर पर लिखा है कि बिहार में चहुंओर अपहरण, लूट, हत्या, बलात्कार और अपराधियों की AK-47 का आतंकराज है. मुख्यमंत्री की सीनाज़ोरी देखिए, कह रहे है सब कुशल मंगल है. चाचा जी, दिमाग़ नहीं दिल और आँख खोल देखिए. तब पता लगेगा बिहार की गलियों में कैसे ख़ून बह रहा है?
*अपराधियों की रक्षा कर रहे हैं नीतीश : तेजस्वी*
तेजस्वी यादव ने अपने दूसरे ट्वीट में लिखा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपराधियों, माफिया और बलात्कारियों की रक्षा कर रहे हैं. बिहार के मुख्यमंत्री सम्मान की बात कर रहे हैं. उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी अपराधियों से भीख मांग रहे हैं. एनडीए सरकार जो अतंकराज को पोषित कर रही है वह राज्य को नियंत्रित करने में पूरी तरह से विफल है.
जाहिर है कि बिहार में अपराध का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है. सूबे के अन्य जिलों को तो छोड़ दें राजधानी पटना में भी अपराधी बेखौफ हैं. अगर हम पिछले एक महीने की बात करे तो बड़े – बड़े अपराध हुए हैं. जिसमें बेगूसरया में मॉब का आतंक. मुजफ्फरपुर में एक्स मेयर की सरेराह गोली मारकर हत्या और शनिवार को पटना में एक डॉक्टर के किडनैप बेटे की हत्या. इस सभी के बाद विपक्ष के पास बड़ा मुद्दा है बिहार सरकार के खिलाफ. जिसको विपक्ष भुना भी रहा है.