आरक्षण के घमासान में मंत्री लखेंद्र पासवान का मांझी पर वार, बोले- परिवार से बाहर कितनों को आगे बढ़ाया?

बिहार में आरक्षण को लेकर जारी सियासी घमासान के बीच बिहार सरकार के मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता लखेंद्र पासवान ने चिराग पासवान और जीतन राम मांझी को लेकर तीखा बयान दिया है। आरक्षण के मुद्दे पर दोनों नेताओं के बीच जारी बयानबाजी के सवाल पर लखेंद्र पासवान ने सीधे तौर पर पूछा कि आखिर अपने परिवार के अलावा उन्होंने अपनी कम्युनिटी के कितने लोगों को आगे बढ़ाया है।

लखेंद्र पासवान ने कहा कि वह चिराग पासवान और जीतन राम मांझी के बयानों पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते, लेकिन दोनों को यह बताना चाहिए कि अपने परिवार से बाहर दलित-महादलित समाज के कितने लोगों को आगे बढ़ाने का काम किया है।

उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि अगर नेता अपनी कम्युनिटी के लिए काम करने का दावा करते हैं तो उन्हें यह भी बताना चाहिए कि परिवार से इतर समाज के कितने लोगों को अवसर मिला और कितने लोगों को आगे बढ़ाया गया।आरक्षण के सवाल पर भाजपा की भूमिका को लेकर मंत्री ने पार्टी के पक्ष को मजबूती से रखा। उन्होंने कहा कि “भाजपा है तो आरक्षण है।” उनके इस बयान को बिहार की सियासत में आरक्षण के मुद्दे पर पार्टी की स्थिति को लेकर अहम माना जा रहा है।

मंत्री संजय सिंह की ओर से तेज प्रताप यादव को कानूनी नोटिस दिए जाने के सवाल पर भी लखेंद्र पासवान ने कड़ा रुख अख्तियार किया। उन्होंने कहा कि बिना सबूत किसी मंत्री या बिहार कैबिनेट को बदनाम करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने कहा कि यदि किसी के पास आरोपों से संबंधित ठोस सबूत हैं तो उन्हें सामने लाना चाहिए। बिना प्रमाण किसी पर आरोप लगाना उचित नहीं है। मंत्री ने संकेत दिया कि ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई से पीछे नहीं हटेंगे।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के दिल्ली दौरे को लेकर भी लखेंद्र पासवान ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि जब भी मुख्यमंत्री दिल्ली जाते हैं, तो बिहार के लिए किसी न किसी तरह की सौगात लेकर लौटते हैं।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एक बार फिर दिल्ली गए हैं और उन्हें उम्मीद है कि भारत सरकार से बिहार के लिए सहायता और महत्वपूर्ण सौगात लेकर लौटेंगे। मंत्री ने मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद भी दिया। आरक्षण से लेकर राजनीतिक बयानबाजी और मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे तक लखेंद्र पासवान के बयानों ने बिहार की सियासत में नए सवाल और नई बहस को जन्म दे दिया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading