TRE-4 के लिए आवेदन प्रक्रिया स्थगित, BPSC ने बताया तकनीकी वजह

पटना : बिहार लोक सेवा आयोग ने चौथे चरण की विद्यालय अध्यापक भर्ती परीक्षा यानी TRE-4.0 के तहत 32,388 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया फिलहाल स्थगित कर दी है. आयोग के परीक्षा नियंत्रक ने इस संबंध में सूचना जारी की है और बताया है कि ”1 सितंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन शुरू करने की तैयारी थी, लेकिन प्रक्रियात्मक बदलाव के कारण इसे स्थगित कर दिया गया है. अब आवेदन की नई तिथि की घोषणा जल्द की जाएगी.”

दो चरण से एक चरण को लेकर मामला

दरअसल, TRE-4 की परीक्षा प्रक्रिया को लेकर बिहार में पिछले कई दिनों से छात्रों और शिक्षक अभ्यर्थियों का आंदोलन चल रहा था. आयोग की प्रस्तावित व्यवस्था में पहले दो स्तर पर परीक्षा आयोजित करने की तैयारी थी. इसमें प्रारंभिक परीक्षा और मुख्य परीक्षा शामिल थी. अभ्यर्थियों ने इस व्यवस्था का विरोध करते हुए मांग की कि शिक्षक भर्ती परीक्षा को सिर्फ एक ही स्तर पर आयोजित किया जाए और दो चरणों वाली प्रक्रिया को समाप्त किया जाए.

आंदोलन के दौरान यह मांग प्रमुखता से उठाई गई कि TRE-4 की परीक्षा पूर्व की शिक्षक भर्ती परीक्षाओं की तरह एकल परीक्षा के आधार पर होनी चाहिए. छात्रों के आंदोलन और लगातार बढ़ते दबाव के बाद बिहार सरकार ने उनकी प्रमुख मांग स्वीकार कर ली. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की कि TRE-4 की परीक्षा अब एक ही चरण में आयोजित की जाएगी. सरकार के इस फैसले के बाद प्रारंभिक परीक्षा और मुख्य परीक्षा की प्रस्तावित व्यवस्था को हटाने का निर्णय लिया गया. आंदोलनकारी अभ्यर्थियों ने इसे अपनी बड़ी जीत बताया और इसके बाद 10 दिनों से चल रहा आंदोलन भी समाप्त किया गया.

32,388 रिक्त पदों पर होगी नियुक्ति
अब एकल परीक्षा की नई व्यवस्था लागू होने के कारण बिहार लोक सेवा आयोग को अपनी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा से संबंधित तकनीकी व्यवस्था में बदलाव करना पड़ रहा है. आयोग की आवश्यक सूचना में स्पष्ट किया गया है कि 32,388 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए 1 सितंबर से प्रस्तावित ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को प्रक्रियात्मक बदलाव के कारण स्थगित किया गया है. संबंधित नई तिथि की घोषणा जल्द की जाएगी.

कल से होना था आवेदन

बता दें कि BPSC ने हाल में TRE-4.0 के तहत बिहार के विद्यालयों में कुल 32,388 शिक्षक पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया था. पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थियों को 1 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन करना था. भर्ती विज्ञापन जारी होने के बाद परीक्षा पैटर्न को लेकर आंदोलन तेज हो गया था और अभ्यर्थी दो स्तर की परीक्षा की व्यवस्था हटाने पर अड़े रहे.अब सरकार के एकल परीक्षा कराने के निर्णय के बाद आवेदन प्रक्रिया को फिलहाल रोक दिया गया है. ऐसे में TRE-4 का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों की नजर अब BPSC की अगली सूचना पर टिकी है. आयोग नई परीक्षा व्यवस्था के अनुरूप तकनीकी और प्रक्रियात्मक बदलाव पूरा करने के बाद ऑनलाइन आवेदन की नई तिथि घोषित करेगा.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Discover more from Muzaffarpur News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading