मुजफ्फरपुर: जन सुराज के सूत्रधार और बांकीपुर क्षेत्र के विधायक प्रशांत किशोर ने आगामी एमएलसी चुनाव को लेकर मुजफ्फरपुर में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में तिरहुत शिक्षक-स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव और पार्टी के संभावित प्रत्याशी को लेकर कई अहम चर्चाएं हुईं।

इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं और संगठन के पदाधिकारियों ने आगामी एमएलसी चुनाव को लेकर संभावित प्रत्याशियों के संबंध में अपनी राय रखी। कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन की स्थिति, मतदाताओं के बीच जन सुराज की पहुंच और चुनाव को लेकर स्थानीय स्तर पर आवश्यक तैयारियों से संबंधित सुझाव भी साझा किए। बैठक में तिरहुत क्षेत्र के मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर और वैशाली के जन सुराज कार्यकर्ताओं से बातचीत की गई। प्रशांत किशोर ने कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया और चुनाव को लेकर जानकारी साझा की। इस दौरान आगामी एमएलसी चुनाव के लिए प्रत्याशी के नाम पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि जो भी प्रत्याशी होगा, वह जन सुराज का ही होगा।

सभी 8 सीटों पर प्रत्याशी उतारने का ऐलान
मीडिया से बातचीत करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि बैठक में आगामी एमएलसी चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा हुई कि पार्टी का उम्मीदवार किसे बनाया जाए। उन्होंने कहा कि जन सुराज सभी 8 सीटों पर अपना प्रत्याशी उतारेगा। इसके लिए अगले दो-चार दिनों में जन सुराज के प्रत्याशियों की घोषणा भी की जाएगी। पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि चुनाव में ही पता चलेगा कि जन सुराज का जनाधार बढ़ रहा है या घट रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता और समर्थक चाहते हैं कि पार्टी पूरी ताकत के साथ यह चुनाव लड़े। उन्होंने कहा कि संगठन में चुनाव को लेकर काफी उत्साह है और सभी लोग बांकीपुर की जीत के सिलसिले को आगे बढ़ाने के लिए पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरना चाहते हैं।

डस्टबिन मामले में मंगल पांडेय के साथ तेजस्वी को भी घेरा
प्रशांत किशोर ने डस्टबिन घोटाले को लेकर बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के साथ पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजस्वी यादव को भी घेरा। उन्होंने कहा कि डस्टबिन की खरीद तेजस्वी यादव के स्वास्थ्य मंत्री रहते शुरू हुई थी। इस मामले में मंगल पांडेय के साथ उनकी भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।

दिल्ली में मंत्री को चप्पल से मारने की कथित घटना पर भी बोले
दिल्ली में बिहार के एक मंत्री को चप्पल से मारने की कथित घटना को लेकर प्रशांत किशोर ने कहा कि सुनने में आ रहा है कि एक मंत्री पर आरोप लगा है कि दिल्ली में एक लड़की से छेड़खानी करने पर उसे जूता-चप्पल से मारा गया। उन्होंने कहा कि जब सरकार के मुखिया का चरित्र ही दागदार और अपराधी है तो इस तरह की घटनाएं सरकार के मंत्री, विधायक, व्यवस्था से जुड़े लोगों और अधिकारियों से सुनने को मिलती रहेंगी।